Haryana News: हरियाणा सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट आज पेश किया। बजट पेश करने के बाद, टाइम्स नाउ नवभारत को दिए गए विशेष इंटरव्यू में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने इसे ऐतिहासिक बताया। बजट पेश करते समय पगड़ी पहनने के बारे में उन्होंने कहा कि वे पहले भी विभिन्न अवसरों पर पगड़ी पहनते रहे हैं और अब इस पद पर रहते हुए भी इसे अपनाया। मुख्यमंत्री ने हरियाणा के 2 करोड़ 80 लाख लोगों को बधाई दी और कहा कि यह बजट महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों सहित हर वर्ग की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री द्वारा विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को ध्यान में रखते हुए कुल 2 लाख 23 करोड़ रुपये का यह ऐतिहासिक बजट पेश किया गया है।
वेडिंग सिटी बनाने के विषय कहा ये
हरियाणा में वेडिंग सिटी बनाने के विषय में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री पहले यह सुझाव दे चुके हैं कि लोग शादी समारोह के लिए विदेशों का रुख करते हैं, जबकि हमारे देश में भी ऐसे आधुनिक और आकर्षक स्थल होने चाहिए, जहां न केवल हमारे लोग बल्कि विदेशी नागरिक भी शादी समारोह आयोजित कर सकें। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए हरियाणा में पिंजौर, खरखोदा और सोहना में वेडिंग सिटी विकसित किए जा रहे हैं।
गुरुओं का आशीर्वाद हमेशा हमारे साथ है
पंजाब के बारे में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हमारे गुरुओं का आशीर्वाद हमेशा हमारे साथ है और हम उनकी दी हुई शिक्षा के मार्ग पर आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब में अब तक जो भी सरकारें आईं, उन्होंने बड़े-बड़े वादे किए, लेकिन लोगों के भरोसे पर खरा नहीं उतर पाईं और विश्वासघात हुआ। सैनी ने यह भी कहा कि आज पंजाब के लोग यह समझ रहे हैं कि अगर राज्य नंबर एक बन सकता है, तो इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और डबल इंजन सरकार ही संभव बना सकती है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि हरियाणा में 3,200 रुपये की वृद्धावस्था पेंशन दी जाती है, जबकि पंजाब सरकार ने केवल 1,500 रुपये देने का वादा किया था, जिसे पूरा नहीं किया गया।
वृद्धावस्था पेंशन के लिए आय सीमा 3 लाख रुपये
हरियाणा में वृद्धावस्था पेंशन के लिए आय सीमा 3 लाख रुपये है, जबकि पंजाब में यह केवल 60 हजार रुपये सालाना तय की गई है। लोगों को उम्मीद थी कि वहां बुजुर्गों को पेंशन मिलेगी, लेकिन आज तक पंजाब में 1,500 रुपये की पेंशन भी नहीं दी गई। उन्होंने कहा कि सरकारें वोट हासिल तो कर लेती हैं, लेकिन लोगों की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतरतीं। आम आदमी पार्टी की सरकार भी इस मामले में जनता के साथ विश्वासघात कर रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि हरियाणा में लाडो लक्ष्मी योजना के तहत 2,100 रुपये दिए जाते हैं, जबकि पंजाब में केवल 1,000 रुपये का वादा किया गया था, जो आज तक पूरा नहीं हुआ। उन्होंने यह भी कहा कि पंजाब में चुनावी बिगुल बजने वाला है इसलिए उन्होंने एक बार फिर से बड़ी-बड़ी बातें करना शुरू कर दिया लेकिन उनको कुछ भी नहीं करना है सिर्फ उनको झूठे वादे करने हैं।
