Tiger Shroff Firing Case Update: हरियाणा के पंचकूला में पुलिस महानिदेशक (DGP) अजय सिंघल ने राज्य की कानून-व्यवस्था, गैंगस्टरों पर कार्रवाई और नशे के खिलाफ चल रहे अभियानों को लेकर बड़ा बयान दिया है। एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए डीजीपी (Haryana DGP Ajay Singhal) ने स्पष्ट और सख्त लहजे में चेतावनी दी कि राज्य में दहशत फैलाने वालों और पुलिस पर गोली तानने वाले अपराधियों को उन्हीं की भाषा में मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। उन्होंने साफ किया कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी असामाजिक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा।
हरियाणा DGP अजय सिंघल बोले- मुंबई पुलिस को दिए अहम सबूत
हाल ही में बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग के मामले में डीजीपी अजय सिंघल ने बताया कि इसमें शामिल हरियाणा से ताल्लुक रखने वाले आरोपियों की पहचान कर ली गई है। हरियाणा पुलिस ने इस पूरी जांच में मुंबई पुलिस को महत्वपूर्ण सहयोग दिया है और आगे भी मामले की तह तक पहुंचने के लिए पूरा समर्थन जारी रखेगी। इस कार्रवाई से यह संदेश साफ है कि अंतरराज्यीय अपराधों पर भी पुलिस पूरी मुस्तैदी से नजर बनाए हुए है।
यह भी पढ़ें: UP Vidhan Sabha Chunav 2027: 350 सीटों पर सपा की नजर, कांग्रेस को कितनी सीटें देंगे अखिलेश? 2024 से क्या है कनेक्शन
14 गैंगस्टरों को विदेशों में ही करवाया डिटेन-डीजीपी
गैंगस्टरों के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क पर बात करते हुए डीजीपी ने बेहद अहम आंकड़े साझा किए। उन्होंने बताया कि विदेशों में बैठकर हरियाणा में अपना खौफ पैदा करने वाले अपराधियों पर शिकंजा बुरी तरह कस दिया गया है। अब तक पुलिस की सक्रियता और विभिन्न एजेंसियों के समन्वय से 26 बड़े गैंगस्टरों को विदेशों से डिपोर्ट (प्रत्यर्पित) करवाकर भारत लाया जा चुका है। इसके अलावा 14 अन्य गैंगस्टरों को विदेशों में ही डिटेन (हिरासत में) करवाया गया है। अपराधियों के पूरे इकोसिस्टम को ध्वस्त करने के लिए पुलिस लगातार काम कर रही है।
'नशामुक्त बनाना हरियाणा पुलिस की प्राथमिकताओं में सबसे ऊपर'
नशे के कारोबार पर प्रहार करते हुए डीजीपी ने कहा कि राज्य को नशामुक्त बनाना हरियाणा पुलिस की प्राथमिकताओं में सबसे ऊपर है। इसके लिए एक तरफ जहां बड़े पैमाने पर जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ अवैध नशे की सप्लाई चेन में शामिल तस्करों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जा रहे हैं। पुलिस का मुख्य लक्ष्य युवाओं को नशे की लत से बचाना और अपराधियों में कानून का खौफ कायम करना है।
