शहर

Hapur: खनन माफियाओं ने RRS नेता को ट्रैक्टर से रौंदा, हादसा साबित करने में जुटी पुलिस

Hapur News: पिछले 15 दिनों में हापुड़ में संगीन वारदातों और हत्याओं का ग्राफ लगातार ऊपर जा रहा है, लेकिन खाकी की सुस्ती जस की तस बनी हुई है। ग्रामीण इसे सीधा मर्डर बता रहे हैं, तो वहीं पुलिस अधिकारी अब भी इसे एक सड़क हादसा साबित करने में जुटे हैं।

Image

हापुड़ में खनन माफियाओं ने RRS नेता को ट्रैक्टर से रौंदा।

Photo : PTI

Hapur News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ में खनन माफियाओं के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसकी एक खौफनाक तस्वीर सामने आई है। यहां अवैध मिट्टी से भरी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली को आबादी में धीरे चलाने की नसीहत देना एक किसान को इतना भारी पड़ गया कि चालक ने सीधे उसके ऊपर ट्रैक्टर चढ़ा दिया। गंभीर रूप से घायल किसान ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान महमूदपुर गांव के रहने वाले 45 वर्षीय सतीश के रूप में हुई है, जो आरएसएस में खंड स्तर पर सह-संपर्क प्रमुख की जिम्मेदारी संभाल रहा था।

ग्रामीण इसे सीधा मर्डर बता रहे

हैरानी की बात यह है कि पिछले 15 दिनों में हापुड़ में संगीन वारदातों और हत्याओं का ग्राफ लगातार ऊपर जा रहा है, लेकिन खाकी की सुस्ती जस की तस बनी हुई है। ग्रामीण इसे सीधा मर्डर बता रहे हैं, तो वहीं पुलिस अधिकारी अब भी इसे एक सड़क हादसा साबित करने में जुटे हैं। जानकारी के अनुसार, घटना हाफिजपुर थाना क्षेत्र के महमूदपुर गांव की है। सोमवार की देर रात सतीश अपने घर के बाहर खड़े थे। इसी दौरान जंगल से अवैध खनन कर मिट्टी लादकर ले जा रही एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली वहां से गुजरी। आबादी में तेज गति देखकर सतीश ने चालक को टोका, जिस पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई।

खुद भी घायल हुआ ट्रैक्टर चालक

बताया जा रहा है कि दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में आगबबूला चालक ने सतीश पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया और रौंदते हुए मौके से भाग निकला। चीख-पुकार सुनकर परिजन और ग्रामीण बाहर की ओर दौड़े। ग्रामीणों ने आनन-फानन में सतीश को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक अपने पीछे पत्नी और तीन मासूम बच्चों को छोड़ गया है। वारदात के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने जब ट्रैक्टर का पीछा किया, तो आरोपी चालक घबराहट में आगे जाकर घूंगराला गांव के पास ट्रैक्टर पलट जाने से खुद भी घायल हो गया। ग्रामीणों ने पीछे आ रही दूसरी ट्रैक्टर-ट्रॉली और उसके चालक को दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया।

'अवैध खनन धड़ल्ले से चल रहा'

ग्रामीणों का आरोप है कि इलाके में महीनों से रात के अंधेरे में मिट्टी का अवैध खनन धड़ल्ले से चल रहा है, जिस पर पुलिस और खनन विभाग ने आंखें मूंद रखी हैं। परिजन भगत सिंह ने बताया कि सतीश जी संघ में लंबे समय से सक्रिय थे और सह-संपर्क प्रमुख का काम देख रहे थे। यहां रोज रात को खनन के ट्रैक्टर हवा की गति से दौड़ते हैं। बता दें कि जिले में बिगड़ती कानून-व्यवस्था और अवैध खनन पर लगाम लगाने में नाकाम पुलिस विभाग अब इस पूरी वारदात को दुर्घटना का जामा पहनाने की कोशिश में जुटा है। अपर पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर ने बताया कि घूंगराला गांव में कलीम नाम के व्यक्ति का ट्रैक्टर पलटने की सूचना पर पुलिस गई थी। जांच में सामने आया कि महमूदपुर में सतीश नाम के व्यक्ति का एक्सीडेंट हुआ था, जिनकी बाद में मौत हो गई। कलीम भी घायल है। ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article