Gurugram News: हरियाणा में गुरुग्राम स्थित सेक्टर-84 की अंतरिक्ष हाइट्स (Antariksh Heights Society) सोसायटी में रविवार 19 जुलाई को बास्केटबॉल कोर्ट पर बड़ा हादसा हो गया, जिसका वीडियो अब सामने आया है। प्रैक्टिस मैच के दौरान अचानक एक भारी लोहे का पोल खिलाड़ियों के बीच गिर गया। हादसे में 20 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दो खिलाड़ियों ने समय रहते भागकर अपनी जान बचा ली। घटना के बाद कोर्ट पर अफरा-तफरी मच गई और सोसायटी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार खिलाड़ी नियमित अभ्यास कर रहे थे, तभी बास्केटबॉल पोल अचानक अपनी जगह से उखड़कर कोर्ट पर गिर गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पोल हटाकर घायल युवक को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। घायल युवक एक डॉक्टर का बेटा बताया जा रहा है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी रीढ़ की हड्डी में तीन जगह पर फ्रैक्चर है। अभी उसका इलाज जारी है और हालत गंभीर बनी हुई है।
दो खिलाड़ियों ने भागकर बचाई जान
हादसे के समय कोर्ट पर कई खिलाड़ी मौजूद थे। चश्मदीदों का कहना है कि अगर दो खिलाड़ी समय रहते नहीं भागते तो हादसा और भी गंभीर हो सकता था। घटना ने खेल परिसरों और आवासीय सोसायटियों में सुरक्षा मानकों को लेकर नई बहस छेड़ दी है।
रोहतक और बहादुरगढ़ में हो चुकी है ऐसी ही घटना
हरियाणा में इस तरह का यह पहला मामला नहीं है, जब खेल परिसर में पोल गिरने से बड़ा हादसा हुआ हो। इससे पहले रोहतक में करीब 750 किलोग्राम वजनी पोल गिरने से एक राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी की मौत हो चुकी है। बहादुरगढ़ में भी इसी तरह की घटना में एक खिलाड़ी ने अपनी जान गंवाई थी। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों के बाद हरियाणा में खेल सुविधाओं की गुणवत्ता और रखरखाव पर सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय लोगों और खिलाड़ियों ने घटना की निष्पक्ष जांच, जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई तथा खेल परिसरों व आवासीय सोसायटियों में लगे बास्केटबॉल पोल एवं अन्य खेल उपकरणों का सुरक्षा ऑडिट कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि नियमित जांच और रखरखाव के अभाव में इस तरह के हादसे दोबारा हो सकते हैं, जिससे खिलाड़ियों की जान जोखिम में पड़ सकती है।
