Weather Update : दिल्ली-एनसीआर के बाद हरियाणा में भी बुधवार को मौसम बिगड़ता हुआ नजर आया। जहां एक ओर सोनीपत और जींद के लोगों को बारिश का सामना करना पड़ा तो वहीं, दूसरी ओर रेवाड़ी में ओलावृष्टि भी हुई है। IMD चंडीगढ़ ने अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि गुरुग्राम में भी अगले कुछ घंटों में बारिश और ओले गिर सकते है। गुरुग्राम के अलावा आठ जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने आठ जिलों को छोड़कर हरियाणा के बाकी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। अलर्ट जारी करने के साथ-साथ ये भी संभावना जताई गई है कि चार मई को आधे हरियाणा में आसमान पूरी तरह से साफ हो जाएगा, लेकिन कुछ जगहों पर बारिश और आंधी का क्रम जारी रह सकता है।
इन जगहों पर बारिश के आसार
मौसम विभाग ने अपने बुलेटिन में जिक्र किया है कि अगले कुछ घंटों में गुरुग्राम के अलावा सिरसा, कैथल, फतेहाबाद, सोनीपत, जींद और पानीपत में हवा की गति 40 से 50 किमी के बीच रहेगी। जबकि हिसार, रेवाड़ी, रोहतक, भिवानी और फतेहाबाद में भी मौसम काफी हद तक बिगड़ सकता है।
बारिश और ओलावृष्टि से बढ़ी मुश्किलें
हरियाण के जींद में आज बेहिसाब बारिश होने से जलभराव हो गया। कई वाहन जाम में फंसे रहे। सबसे ज्यादा नुकसान गेहूं को हुआ, जो कि अनाजमंडी में खुला पड़ा हुआ था। लोगों ने बताया है कि गेहूं को नुकसान मार्केट कमेटी की लापरवाही से पहुंचा है यद्यपि उन्हें इस बारे में भलीभांति जानकारी थी कि आज बारिश हो सकती है। किसानों ने भी बताया कि गेहूं को नुकसान कमेटी अधिकारियों की लापरवाही से हुआ है। बता दें कि इसके अलावा रेवाड़ी, बावल और उसके आसपास के क्षेत्र में झोंकेदार हवा के साथ पहले बारिश हुई और फिर ओलावृष्टि भी हुई। पानीपत, महेंद्रगढ़ और नारनौल में काले बादल छाए हुए हैं।
