Waterlogging in Gurugram: गुरुग्राम समेत पूरे दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार सुबह जोरदार बारिश हुई और तेज आंधी चली। इस बदले हुए मौसम ने भले ही गर्मी से बड़ी राहत दिलाई है, लेकिन जगह-जगह भरे पानी से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। गुरुग्राम में भी बारिश के बाद कई हिस्सों में जलभराव हो गया। जिससे सड़कों पर यातायात बाधित रहा।
गुरुग्राम में कई जगह जलजमाव
गुरुग्राम के अधिकतर हिस्सों में भरा पानी
गुरुग्राम के कई इलाकों में आज सड़कों पर लबालब पानी भरा दिखाई दिया। जिससे आम नागरिकों को काफी समस्या का सामना करना पड़ा। दफ्तर जाने वाले लोग और अन्य यात्री जलमग्न सड़कों पर फंस गए। बारिश के कारण शहर के कुछ इलाकों को छोड़कर अधिकतर हिस्सा जलमग्न हो गया।सड़कों पर रफ्तार भरने वाले वाहन आज जाम के कारण रेंगते हुए दिखाई दिए।
गुरुग्राम के ये इलाके रहे प्रभावित
बारिश से सड़कों पर जलभराव के कारण सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर नरसिंहपुर के पास एक सर्विस लेन, बसई रोड, सेक्टर 10, झाड़सा चौक, सेक्टर- 4, सेक्टर 7, सेक्टर 9, सेक्टर 10, सेक्टर 48, सेक्टर 57, हनुमान चौक, धनकोट, फाजिलपुर चौक, वाटिका चौक, सुभाष चौक, बघतावर चौक, जोकोबपुरा, सदर बाजार, महावीर चौक और डूंडाहेड़ा आदि शामिल हैं।
दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर यातायात धीमा
पुलिस जहां बाधित यातायात को सुचारू करने में जुटी रही वहीं नगर निगम के प्राधिकारी जलभराव और बंद नालियों से निपटने में व्यस्त रहे। दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर भी यातायात धीमा रहा, जबकि हीरो होंडा चौक, राजीव चौक और इफको चौक पर भी यातायात बाधित रहा।
(इनपुट - भाषा)
