Gurugram: दिल्ली और गुरुग्राम के बीच सफर करने वाले लाखों वाहन चालकों के लिए आज से मुश्किल सफर शुरू हो गया है। क्योंकि निर्माणाधीन द्वारका एक्सप्रेस-वे को दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेस-वे से जोड़ने का कार्य आज से शुरू हो गया है। एनएचएआई द्वारा महिपालपुर में रोड बनाने के लिए मार्किंग कार्य सोमवार को पूरा कर लिया गया था। दिल्ली पुलिस और एनएचएआई अधिकारियों की मौजूदगी मे आज ट्रैफिक डायवर्जन का ट्रायल किया जा रहा है। इसके लिए 500 मीटर की सड़क को बंद कर दिया गया है। अगर यह ट्रायल सफल रहता है तो दिल्ली पुलिस एनओसी जारी करेगी। जिसके बाद 90 दिनों के लिए ट्रैफिक को डायवर्ट किया जाएगा।
दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेस-वे पर आज रूट डायवर्जन
बता दें कि दिल्ली- गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर मौजूद खेड़कीदौला टोल प्लाजा के पास से महिपालपुर में शिवमूर्ति के नजदीक तक द्वारका एक्सप्रेस-वे का निर्माण हो रहा है। इन दोनों एक्सप्रेसवे को लिंक करने के लिए अंडरपास और फ्लाईओवर का निर्माण हो रहा है। एक्सप्रेसवे के जिस हिस्से में अंडरपास और फ्लाईओवर बन रहा है, वहां के 500 मीटर हिस्से को तीन महीने के लिए पूरी तरह से बंद कर दिया जएगा। इस ब्लॉकेज से होने वाली ट्रैफिक जाम की समस्या से वाहन चालकों को बचाने के लिए एनएचएआई ने दोनों तरफ चार-चार लेन की नई सड़क बनाई है। यह कार्य सोमवार को ही पूरा कर लिया गया। इस डायवर्जन रूट से आज ट्रैफिक को डायवर्ड कर ट्रायल किया जा रहा है। ट्रायल सफल होने के बाद दिल्ली पुलिस एनओसी जारी करेगी, जिसके बाद इस डायवर्जन को पूरी तरह लागू कर दिया जाएगा।
