Gurugram Crime News: साइबर सिटी गुरुग्राम में बदमाशों का आतंक दिखा है। गुरुग्राम के अंजना कॉलोनी में ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना सामने आई है। गैंगस्टर के गुर्गों की ताबड़तोड़ फायरिंग में एक व्यक्ति को गोली लग गई। यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। जानकारी के अनुसार, यह घटना 20 अक्टूबर रात साढ़े 10 बजे की है।
घटनास्थल की तस्वीर।
गुरुग्राम सेक्टर 10 की घटना
जानकारी के अनुसार, गुरुग्राम के सेक्टर 10 इलाके की अंजना कॉलोनी के रहने वाले कपिल नाम के युवक को जान से मारने के लिए जेल में बंद गैंगस्टर मंजीत महाल के गुर्गे पहुंचे थे। जब कपिल नहीं मिला, तो उन्होंने अंजना कॉलोनी में परचून की दुकान के बाहर खड़े कपिल के भाई मोनू पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी और मौके से फरार हो गए।
पैर में लगी गोली
इस गोलीबारी की घटना में दुकानदार के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि कपिल की साली का मंजीत महाल के गुर्गे से प्रेम प्रसंग चल रहा था और इसी बात से कपिल को ऐतराज था और कपिल बीते काफी समय से साली को लेकर बहस भी कर चुका था।
जान से मारने की धमकी
इस बात से नाराज गैंगस्टर के गुर्गों ने मोनू और अन्य पर फायरिंग कर दी और जान से मारने की धमकी दी। मामले की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे गुरुग्राम पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
