गुरुग्राम

बहादुरगढ़ में बाढ़ से मचा हाहाकार; फैक्ट्रियां ठप-सैकड़ों गाड़ियां जलमग्न, चारों ओर त्राहिमाम

झज्जर के बहादुरगढ़ में बाढ़ ने रिहायशी और औद्योगिक क्षेत्रों की स्थिति बेहद गंभीर बना दी है। फैक्ट्रियों में काम बंद हो गया है और स्टॉकयार्ड में सैकड़ों गाड़ियां पानी में डूबी हुई हैं। जलस्तर बढ़ने से ड्रेन कटाव और आसपास के इलाके भी खतरे में हैं।

Image

बहादुरगढ़ में सैकड़ों गाड़ियां डूबी

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Bahadurgarh Flood: झज्जर जिले के बहादुरगढ़ में बाढ़ की स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है। रिहायशी क्षेत्रों में लोगों के रहने के हालात मुश्किल हो गए हैं, वहीं औद्योगिक क्षेत्र की फैक्ट्रियों में काम पूरी तरह ठप हो गया है। दिल्ली के पास स्थित आधुनिक औद्योगिक क्षेत्रों की कई फैक्ट्रियों में पानी चार से पांच फीट तक जमा हो गया है।

मारुति के स्टॉकयार्ड में लगभग 300 गाड़ियां पानी में डूबी हुई हैं, जिन्हें निकालना बेहद कठिन हो रहा है। ये गाड़ियां सात दिनों से पानी में हैं। स्टॉकयार्ड में आल्टो, वैगनआर, विटारा, बेजा और इन्विकटो जैसी कई नई गाड़ियां खड़ी हैं। कई गाड़ियों के एयरबैग खुल गए हैं और कुछ की ड्राइवर साइड की विंडो ग्लास भी टूट गई है। नई गाड़ियों का पानी बोनट तक पहुँच गया है।

स्थानीय फैक्ट्रियों में काम करने वाले मजदूरों ने बताया कि डूबी हुई गाड़ियां शोरूम की हैं। जब रात में पानी बढ़ा, तो उन्होंने चौकीदार को सूचित किया, लेकिन तब तक सभी गाड़ियां डूब चुकी थीं और उनके सायरन बज रहे थे। फैक्ट्रियां भी पानी में होने के कारण बंद हैं और मजदूरों के पास फिलहाल कोई काम नहीं है।

फैक्ट्रियों के पास स्थित मुंगेशपुर ड्रेन में जिस कटाव को रोकने की जिम्मेदारी भारतीय सेना को दी गई थी, उसे बंद करने के बाद जवान लौट गए। लेकिन ड्रेन में जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे अन्य जगहों पर भी कटाव शुरू हो गया। इसे रोकने के लिए एसडीआरएफ, नगर परिषद और सिंचाई विभाग की टीमें लगातार काम कर रही हैं।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article