गुरुग्राम में बनने को तैयार है एक खास तरह का बस अड्डा। जिसमें नीचे बस अड्डा होगा और ऊपर बनेगा शॉपिंग मॉल। इस खास बस अड्डे कम शॉपिंग मॉल का निर्माण गुरुग्राम सेक्टर 65 में किया जाएगा। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण को इसकी परियोजना सौंपी दी है, जिसमें बताया जा रहा है कि प्राइवेट पब्लिक पार्टनरशिप के आधार पर बस अड्डे को बनाया जाएगा। इस बस अड्डे की सबसे खास बात ये है कि इसमें पार्किंग की सुविधा भी मिलेगी। बस अड्डे में भूमिगत पार्किंग भी बनाई जाएगी। सभी लोगों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए इस परियोजना का निर्माण किया जा रहा है।
एचएसवीपी प्रशासन द्वारा मुख्यालय भेजा गया प्लान
तीन मंजिला इस परियोजना को मंजूरी के लिए एचएसवीपी प्रशासन द्वारा मुख्यालय भेजा गया है मंजूरी मिलने के बाद योजना को आगे बढ़ाने का कार्य शुरू किया जाएगा। बता दें कि इसमें शॉपिंग मॉल और दुकानों को ई-नीलामी के माध्यम से बेचा जाएगा।
6 एकड़ की जमीन में तैयार की जाएगी परियोजना
बता दें कि एचएसवीपी ने बिजली घर तैयार करने के लिए 12 एकड़ की जमीन हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम को दी। निगम द्वारा 6 एकड़ भूमि पर बिजली घर बनाया गया और शेष बची 6 एकड़ की जमीन को वापस एचएसवीपी दिया गया। जिसके बाद शेष बची भूमि पर अब बस अड्डा बनाने की तैयारी की जा रही है।
बस अड्डा तैयार करने के लिए उपयुक्त बताई गई जमीन
बता दें कि हरियाणा के तत्कालीन मुख्य सचिव विवेक जोशी की अध्यक्षता में एक बैठक हुई थी, जिसमें बताया गया कि जमीन 60 मीटर की सड़क पर है। इस जमीन को शॉपिंग मॉल के लिए अच्छा बताया गया है। वहीं जीएमजीए ने इसे बस अड्डा बनाने के लिए उपयुक्त बताया। मुख्य सचिव के आदेश पर यहां बस अड्डे के निर्माण का फैसला लिया, लेकिन इसके साथ ही बस अड्डे पर शॉपिंग मॉल बनाने की परियोजना को भी शामिल किया। इसी प्रकार बस अड्डे पर शॉपिंग मॉल बनाने की इस परियोजना की शुरुआत हुई।
एक एकड़ जमीन पर विवाद
बताया जा रहा है कि शेष बची 6 एकड़ की जमीन में से एक एकड़ की जमीन पर विवाद है। जमीन के अधिग्रहण का मामला अभी अदालत में है। जमीन के बीच में होने के कारण एचएसवीपी ने अदालत में अपने हक में फैसला सुनाने को लेकर अपील दायर की है। अदालत से फैसला आने के बाद और मुख्यालय से मंजूरी मिलने के बाद परियोजना की शुरुआत की जाएगी।
