गुरुग्राम

'अगर मुझे कुछ हुआ तो दीपक हुड्डा और हिसार SP होंगे जिम्मेदार', बॉक्सर स्वीटी ने पति पर लगाए गंभीर आरोप

हिसार की रहने वाली बॉक्सर स्वीटी ने पूर्व कबड्डी कप्तान दीपक हुड्डा पर दहेज में मर्सिडीज मांगने और मारपीट करने का आरोप लगाते हुए कई गंभीर आरोप लगाए हैं। स्वीटी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि अगर उन्हें कुछ हुआ तो इसका जिम्मेदार दीपक हुड्डा और हिसार एसपी होंगे।

Image

बॉक्सर स्वीटी ने पति पर लगाए गंभीर आरोप

हरियाणा के हिसार में रहने वाली पूर्व विश्व चैंपियन बॉक्सर स्वीटी बूरा ने अपने पति पूर्व कबड्डी कप्तान दीपक हुड्डा पर कई गंभीर आरोप लगाए है। दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया था, कि स्वीटी बूरा ने अपने आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया और मीडिया से इस विवाद को लेकर बात की। प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्वीटी बूरा ने पति पर शादी से पहले मर्सिडीज मांगने, खाने-पानी के समय मारपीट का आरोप लगाया है। स्वीटी ने कार में मारपीट करने और गला दबाने की बात का भी खुलासा किया है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्वीटी ने डिप्रेशन में होने की बात कही और कहा कि अगर मुझ पर अटैक हुआ या एक्सीडेंट हुआ तो इसके जिम्मेदार दीपक हुड्डा और हिसार के एसपी होंगे।

स्वीटी ने पति दीपक हुड्डा पर लगाए गंभीर आरोप

अपने आवास पर आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में स्वीटी ने बताया कि दीपक हुड्डा ने शादी से पहले दहेज में उनसे ढाई करोड़ रुपये की मर्सिडीज की मांग की थी। उन्होंने यह भी बताया कि खाने-पीने के दौरान उनका पति उनके साथ मारपीट करता था। ज्यादा हो जाने पर वह हाथ-पैर पकड़ कर रोने लगता था और कहता था कि मैं बिना मां-बाप का बच्चा हूं। स्वीटी ने कहा ये सुनकर वह अक्सर उन्हें माफ कर देती थी। एक घटना बताते हुए स्वीटी कहती हैं एक बार वह चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री से मिलकर लौट रहे थे। उसी दौरान चलती गाड़ी में दीपक ने उनके साथ मारपीट की और गला भी दबाया।

पति के साथ एसपी को ठहराया डिप्रेशन का जिम्मेदार

स्वीटी ने भावुक होते हुए कहा कि उन्होंने कई बार हिसार एसपी से कहा कि उन्हें तलाक चाहिए। लेकिन अब उन्हें टॉर्चर किया जा रहा है। उन्होंने डिप्रेशन में होने की बात भी कही। वह कहती हैं कि थाने में उन्हें घंटों-घंटों बुलाकर बैठाए रखा जाता है। उन्होंने कहा कि यदि उन्हें कुछ होता है तो इसका जिम्मेदार दीकप और हिसार एसपी होंगे।

स्वीटी ने पति पर लगाए ये बड़े आरोप

स्वीटी ने पति दीपक हुड्डा पर मारपीट के आरोप के साथ ट्रेनर और दूसरे लोगों की सैलरी कहकर उनके खातों में पैसे डालकर टैक्स चोरी का आरोप लगाया है। इसके साथ ही चाकू से हमला और संपत्ति हड़पने का आरोप लगाया, अधिकारियों और पुलिस के साथ मिलकर स्वीटी पर दबाव बनाने का आरोप, चुनाव से पहले दोबारा मारपीट करने पर दोस्तों से तलाक देने का झूठा भरोसा दिलाया और प्लाट पर 80 लाख का लोन लेकर स्वीटी को गारंटर बनाया है और उस पर कब्जा करने की कोशिश कर रहा है। इस प्रकार आरोप लगाते हुए स्वीटी ने यह भी कहा कि दीपक के खिलाफ उनके पास सारे सबूत हैं।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article