Gurugram Firing: गुरुग्राम के पटौदी-कुलाना रोड पर एक होटल मालिक की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई। होटल में तीन नकाबपोश बदमाश कोल्ड ड्रिंक्स के बहाने आए। जिसके बाद मौका पाते ही होटल मालिक पर गोलियों की बौछार कर दी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस दौरान एक होटलकर्मी भी गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
वारदात के बाद आरोपी मौके से फारर
यह वारदात पटौदी के जाटौली मंडी स्थित झोपड़ी होटल में देर रात 12 बजे हुई। बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाश ढाबे में पहुंचे। उन्होंने पहले कोल्ड ड्रिंक मांगी। जिसके बाद ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों ने करीब 6 से 7 राउंड की फायरिंग। जिसमें 37 वर्षीय दीपेंद्र उर्फ मोनू जोटाली की मौके पर ही मौत हो गई। फायरिंग की आवाज सुनकर होटल का स्टाफ और अन्य लोग भी वहां पहुंच गए। लेकिन तब तक तीनों आरोपी बाइक से फरार हो गए।
सीसीटीवी कैमरे जानबूझकर बंद करने की आशंका
इस घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस की टीम पहुंची। साथ ही फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस जांच में पता चला है कि आपसी रंजिश के चलते होटल मालिक की हत्या की गई। जांच में घटना के दौरान होटल के सीसीटीवी कैमरे भी बंद मिले है। पुलिस को आशंका है कि वारदात के समय जानबूझकर किसी ने सीसीटीवी कैमरों को बंद किया। जिससे यह घटना कैमरे में कैद न हो सके। पुलिस होटल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।
