गुरुग्राम

Gurugram में होटल में प्रेमी के साथ छिपी थी प्रेमिका, मालिक ने चलाई ताबड़तोड़ गोलियां; 3 लोग घायल

हरियाणा के गुरुग्राम में होटल संचालक पूर्व सैनिक ने अपनी लाइसेंसी पिस्तौल से भीड़ पर पांच राउंड फायरिंग कर दी, जिससे तीन लोग घायल हो गए।

Image

(सांकेतिक फोटो)

गुरुग्राम : जिले के पटौदी के एक होटल में मंगलवार को गोलीबारी की घटना सामने आई जिसमें तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने होटल संचालक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने बताया कि घायलों में दो राहगीर थे। तीसरा घायल उस महिला का रिश्तेदार था, जो कथित तौर पर भागकर अपने प्रेमी के साथ होटल में रह रही थी। यह घटना दिन में करीब साढ़े ग्यारह बजे हुई, जब महिला के परिजन समेत कई लोग होटल पहुंचे और प्रेमी युगल को उनके हवाले करने की मांग करने लगे। होटल संचालक राज कुमार ने पुलिस को सूचना दी और दंपती को पुलिस के हवाले कर दिया। हालांकि, भीड़ का हंगामा जारी रहा।

पुलिस के अनुसार, स्थिति बिगड़ती देख पूर्व सैनिक राज कुमार ने अपनी लाइसेंसी पिस्तौल से भीड़ पर पांच राउंड फायरिंग कर दी, जिससे तीन लोग घायल हो गए। घायलों की पहचान वसीम (महिला का रिश्तेदार, वार्ड 15, पटौदी), सौरभ और संदीप (दोनों निवासी, वार्ड 10, पटौदी) के रूप में हुई है। पुलिस ने राज कुमार को हिरासत में ले लिया है।

पुलिस ने कहा कि राज कुमार भारतीय सैनिक रह चुका है और सेवानिवृत्ति के बाद होटल संचालित कर रहा था। वसीम को गुरुग्राम अस्पताल भेज दिया गया है, जबकि अन्य दो घायलों का इलाज पटौदी में चल रहा है। पटौदी थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article