पेंशन (Pension) संबंधी सेवाओं के लिए अब दिव्यांगों (Persons With Disabilities : PwDs) को हरियाणा में बेवजह सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। ऐसा इसलिए, क्योंकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित सूबे में उन्हें ये सर्विसेज़ घर पर मिल सकेंगी।
तस्वीर का इस्तेमाल सिर्फ प्रस्तुतिकरण के लिए किया है। (फाइलः iStock/IANS)
बुधवार (19 अप्रैल, 2023) को मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर (Manohar Lal Khattar) ने लोगों को डिजिटल सशक्त बनाने के लिए तीन ऑनलाइन सेवाओं का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि दिव्यांग लोगों को अब पेंशन से जुड़े फायदे उनके घर पर मिल सकेंगे।
कौन-कौन सी ऑनलाइन सेवाएं हुईं लॉन्च?
- प्रो-एक्टिव दिव्यांग पेंशन सर्विस (Pro-active Divyang Pension Service)
- "ताऊ से पूछो" वॉट्सऐप चैटबॉट ('Tau se Poochho' WhatsApp Chatbot)
- सरकारी रेस्ट हाउस के लिए ऑनलाइन बुकिंग सेवा (Online booking of Government Rest Houses)
सीएम ने कहा, "सूचना प्रौद्योगिकी (IT) की ये पहल राज्य सरकार के पेपरलेस और पारदर्शी प्रशासन के विजन में मील का पत्थर साबित होंगी।" प्रो-एक्टिव दिव्यांग पेंशन सर्विस के बारे में उन्होंने कहा कि सरकार दिव्यांगजनों के लिए सभी सेवाएं घर-घर पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
बकौल खट्टर, "अब, हमने पीडब्ल्यूडी को स्वचालित पेंशन लाभ देने का निर्णय लिया है और ऐसे लाभार्थियों को अपना लाभ हासिल करने के लिए कार्यालयों का दौरा नहीं करना पड़ेगा" मीडिया से वह आगे बोले कि परिवार पहचान पत्र (Parivar Pehchan Patra : Family ID Scheme) के तहत उपलब्ध 60 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगात वाले पीडब्ल्यूडी के आंकड़ों को हर महीने हरियाणा परिवार पहचान प्राधिकरण की ओर से प्रमाणित किया जाएगा।
सीएम के मुताबिक, "सत्यापन के बाद योग्य पाए गए ऐसे सभी पीडब्ल्यूडी का डेटा सेवा विभाग के साथ साझा किया जाएगा। अगर सभी लाभार्थी अपनी सहमति देते हैं तो पेंशन लाभ अगले महीने से शुरू होगा।" दूसरी सेवा का जिक्र करते हुए उन्होंने आगे कहा कि हरियाणा परिवार पहचान प्राधिकरण ने वेब आधारित चैटबॉट समाधान के साथ 'ताऊ से पूछो' नामक एक व्हाट्सएप चैटबॉट बनाया है। आधिकारिक बयान के अनुसार, द्विभाषी चैटबॉट इंटीग्रेटेड है, जिसे नागरिकों की ओर से किए गए सवालों पर त्वरित प्रतिक्रिया देने के लिए डिज़ाइन किया गया है।
सीएम ने बताया कि चैटबॉट के इस्तेमाल से लाभार्थी आय प्रमाण पत्र (Income Certificate), विवाह प्रमाण पत्र (Marriage Certificate), सार्वजनिक वितरण प्रणाली (Public Distribution System), राशन कार्ड (Ration Card), जाति प्रमाण पत्र (Caste Certificate), पेंशन और शिकायतों (Pension and Complaints/Grievances) सहित विभिन्न सेवाओं के लिए अपने आवेदनों की प्रगति की जांच कर सकते हैं।
इस बीच, उन्होंने पीडब्ल्यूडी (बी एंड आर) विश्राम गृहों में कमरे की बुकिंग के लिए एक पोर्टल लॉन्च किया। साथ ही कहा कि अब सभी विश्राम गृहों को सरकारी अधिकारियों के साथ-साथ निजी लोगों की ओर से भी ऑनलाइन बुक किया जा सकता है।
