Gurugram News : हरियाणा के गुरुग्राम में अवैध कॉलोनियों को बसाने के मामले परेशानी का सबब बनते जा रहे हैं। इसके खिलाफ टाउन एंड कंट्री प्लानिंग डिपार्टमेंट बड़ी कार्रवाई की तैयारी करने में जुट गया है। सोहना, पटौदी, फर्रुखनगर, भोंडसी, बादशाहपुर ये वो इलाके हैं जहां पर बड़ी संख्या में लोगों ने अवैध कॉलोनियां बसा ली हैं। इन क्षेत्रों में विभाग ने अवैध कॉलोनियों का चिह्नांकन कर लिया है और अब यहां की 20 से 25 कॉलोनियों पर बुलडोजर चलाने की तैयारी हो रही है। इतना ही नहीं जमीन मालिक और प्रॉपर्टी माफियाओं पर भी कार्रवाई होना तय माना जा रहा है।
अवैध कॉलोनियों पर गिरेगी गाज। (प्रतीकात्मक फोटो)
एनओसी लेना है अनिवार्य
गुरुग्राम के ही एक अधिकारी ने बताया है कि चंदू, बुढेड़ा और साढराणा क्षेत्र में कॉलोनियों की पहचान की जा रही है और तहसीलदार को पत्र भी लिखा गया है। इस पत्र में स्पष्ट किया गया है कि इनमें कृषियोग्य भूमि का टुकड़ों में रजिस्ट्रेशन नहीं किया जाएगा क्योंकि ये जमीन हरियाणा डेवलपमेंट एंड रेगुलेशन ऑफ अर्बन एरिया एक्ट की धारा 7ए के अंडर है। इसके साथ ही उन्होंने ये भी बताया कि इसकी रजिस्ट्री कराने से पहले डीटीपीई ऑफिस से एनओसी लेना बेहद जरूरी है, जो कि अवैध कॉलोनी बसाते समय नहीं ली जाती है।
प्लाजा पर हो चुकी कार्रवाई
गोल्फ कोर्स रोड के पाम स्प्रिंग प्लाजा के भूतल में अवैध तरीके से एक ऑफिस संचालित हो रहा था। इसकी सूचना मिलते ही टाउन एंड कंट्री प्लानिंग डिपार्टमेंट ने उसे सील कर दिया। गौरतलब है कि कार्रवाई से पहले डीपीआई ने प्लाजा को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया था। संतोषजनक उत्तर न मिलने की स्थिति में विभाग को कार्रवाई करने के लिए बाध्य होना पड़ा।
क्या बोले अधिकारी
डीटीपीई मनीष यादव ने बताया है कि बेसमेंट का उपयोग पार्किंग और स्टोरेज के लिए ही किया जा सकता है। पाम स्प्रिंग प्लाजा में ले-आउट प्लान की धज्जियां उड़ाकर ऑफिस संचालित हो रहा था। इसे फिलहाल सील कर दिया है। वहीं, उन्होंने ये भी बताया है कि साढराणा, चंदू और बुढेड़ा गांव में बहुतायत खसरा संख्या में अवैध कॉलोनियों के पंजीकरण की शिकायत मिली है, जिन्हें लेकर आगे कार्रवाई की जाएगी।
