गुरुग्राम

Gurugram Crime: कुर्सी को लेकर हुई लड़ाई, दफ्तर के साथी ने ही मार दी गोली; हालत गंभीर

  • Authored by: प्रांजुल श्रीवास्तव
  • Updated Mar 30, 2023, 09:26 PM IST

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के उल्लंघन के आरोप में मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की पहचान कर ली गई है, उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

Image

झारखंड में युवक ने साथी कर्मचारी को मारी गोली

Photo : iStock

Gurugram Crime News: गुरुग्राम की एक फर्म में दो कर्मचारियों के बीच कुर्सी की लड़ाई जान पर बन आई। जानकारी के मुताबिक, दो कर्मचारियों में कुर्सी को लेकर झगड़ा हो गया। बात इतनी बढ़ गई कि गोली तक चल गई। इस घटना में 23 वर्षीय एक कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर, पुलिस का कहना है कि पीड़ित की हालत गंभीर है। मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, घटना रमादा होटल के पास हुई। जहां, एक ही दफ्तर में काम करने वाले विशाल और अमन जांगड़ा के बीच कुर्सी को लेकर बहस हुई। इस बहस के अगले दिन अमन ने सड़क पर जा रहे विशाल पर गोली चला दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने विशाल को अस्पताल में भर्ती कराया है। अधिकारियों का कहना है कि अमन सेक्टर 9 में फिरोज गांधी कॉलोनी का रहने वाला है।

मंगलवार को हुई थी बहस

पुलिस ने बताया, विशाल ने अपने बयान में बताया है कि मंगलवार को कुर्सी के मुद्दे पर अमन जांगड़ा से उसकी बहस हो गई थी। इसके बाद वह दफ्तर से चले गए थे। हालांकि, बुधवार को दोनों के बीच फिर से बहस हुई। इसके बाद जब विशाल ऑफिस से बाहर निकला तो अमर ने पीछे से उस पर गोली चला दी। गोली लगने के बाद विशाल मौके पर ही गिर गया, जिसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई।

बहन ने दर्ज कराया मामला

पुलिस ने बताया, पीड़ित विशाल की बहन ने मामला दर्ज कराया है। आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट की धारा 25-54-59 के तहत मामला दर्ज किया गया है। डीसीपी वीरेंद्र विज ने कहा, आरोपी की पहचान कर ली गई है और हम उसे पकड़ने के लिए छापेमारी कर रहे हैं। उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
प्रांजुल श्रीवास्तव
प्रांजुल श्रीवास्तवauthor

<p>मैं इस वक्त टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ा हुआ हूं। पत्रकारिता के 8 वर्षों के तजुर्बे में मुझे और मेरी भाषाई समझ को गढ़ने और तराशने में कई वरिष्ठ पत्रकारों और संपादकों का योगदान रहा। 2016 में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से शुरू हुआ यह सफर देश की राजधानी दिल्ली में 'टाइम्स नाउ नवभारत' तक आ पहुंचा है। अखबारों में रिपोर्टिंग करते हुए शहरों की धूल फांकना और डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को समझते हुए देश-विदेश की खबरों को आप तक पहुंचाने का मेरा ये सफर काफी किस्से-कहानियों से भरा हुआ है। लखनऊ की बाबा भीम राव अंबेडकर सेंट्रल यूनिवर्सिटी के क्लासरूम में प्रोफेसरों से मिले किताबी ज्ञान और पत्रकारीय सिद्धांतों को जमीन पर उतारने का मौका मुझे 2016 में ही मिल गया। पहला ब्रेक टाइम्स ग्रुप के प्रतिष्ठित अखबार 'नवभारत टाइम्स' ने दिया। यहां बतौर इंटर्न मुझे कई सामाजिक संगठनों की रिपोर्टिंग करने का मौका मिला। दिनभर शहर में घूम-घूम कर खबरों को बटोरना और शाम होते ही उन्हें लिखकर डेस्क के हवाले करना मेरी दिनचर्या का हिस्सा हो गया। इस अनुभव ने मुझे समाज के तौर तरीकों से परिचित कराया तो न्यूजरूम में सीनियर्स से मिली डांट ने पत्रकारिता की बारीकियों और भाषाई मर्यादा को समझने में मदद की। करीब 3 से 4 महीनों की इंटर्नशिप के बाद मुझे 2017 आते-आते गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली भेजा गया। यह समय उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव और सत्ता के बदलाव का था। यहां बतौर रिपोर्टर मैं पहली बार राजनीतिक खबरों से रूबरू हुआ। रायबरेली के मिजाज को करीब 8 महीनों तक समझने के बाद नवभारत टाइम्स ने मुझे वापस लखनऊ बुलाया और शहर की रिपोर्टिंग करने का मौका दिया। यहां विज्ञान, पर्यावरण, बाजार, लखनऊ विकास प्राधिकरण, आवास विकास और मेट्रो जैसी बीट पर जमकर काम किया। यह सफर अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिले मुरादाबाद तक पहुंच गया था, जहां मुझे दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित अखबार के लिए दो वर्षों तक रिपोर्टिंग करने का अवसर मिला। करीब दो वर्षों की पत्रकारिता के बाद अब मुझे देश की राजधानी की ओर रुख करना था और यह मौका अमर उजाला (डिजिटल) ने दिया। अखबारों की रिपोर्टिंग से निकलकर डिजिटल पत्रकारिता के अनुभव से मैं पहली बार रूबरू हो रहा था। यहां पर मुझे मेन डेस्क पर जिम्मेदारी मिली। जहां सबसे आगे रहते हुए सबसे सटीक खबरें आप तक पहुंचाना चुनौती भरा काम था, लेकिन पत्रकारिता की शुरुआत में मिले अनुभवों ने मेरा काम आसान बना दिया। यहां भी करीब दो वर्षों के बाद 2023 में मुझे टाइम्स ग्रुप से दोबारा जुड़ने का मौका मिला और टाइम्स नाउ नवभारत की मेन डेस्क पर मेरा सफर अब तक जारी है।</p>

और पढ़ें
End of Article