Samrat Mihir Bhoj Controversy Update: हरियाणा के कैथल में सम्राट मिहिर भोज की प्रतिमा पर शुरू हुए विवाद से भारतीय जनता पार्टी में अंदरूनी कलह बढ़ गई है। दरअसल, कैथल में कुरुक्षेत्र रोड स्थित बाइपास चौक पर सम्राट मिहिर भोज की नई प्रतिमा पर उनके नाम के साथ गुर्जर शब्द जोड़ दिया गया, जिसके बाद राजपूत समाज के कुछ नेताओं ने इसपर आपत्ति जताई। बवाल इतना बढ़ गया कि पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। अब हरियाणा भाजपा के राजपूत नेताओं का इस्तीफे का दौर शुरू हो गया है।
सम्राट मिहिर भोज विवाद में भाजपा में छिड़ी अंदरूनी कलह
कई भाजपा सदस्यों ने पार्टी से दिया इस्तीफा
सम्राट मिहिर भोज की मूर्ति के अनावरण को लेकर गुर्जर और राजपूत समुदायों के बीच तनाव के बाद कैथल जिले के कई भाजपा सदस्यों ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। बीजेपी किसान मोर्चा के नेता संजीव राणा ने प्रशासन पर जानबूझकर लाठीचार्ज करने का आरोप लगाया है। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर से भी नाराजगी जाहिर की है।
प्रतिमा पर हिंदू सम्राट लिखने की हुई मांग
संजीव राणा ने कहा कि 'हमारे लोग शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन प्रशासन ने जानबूझकर हम पर लाठीचार्ज किया। हम केवल यह मांग कर रहे थे कि हमारे महान नेता मिहिर भोज की नई प्रतिमा में उनका नाम हिंदू सम्राट लिखा जाए। हमने किसी से राजपूत या गुर्जर लिखने के लिए नहीं कहा, हमने केवल हिंदू सम्राट लिखने के लिए कहा था। बीजेपी के सभी राजपूत नेताओं ने अपना इस्तीफा हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ को भेज दिया है। हमने बीजेपी के सभी पदों से सामूहिक इस्तीफा दे दिया है। जब तक सीएम एमएल खट्टर हमसे चर्चा नहीं करते, तब तक हमारा बीजेपी से कोई संबंध नहीं होगा।'
जानिए क्या है ये पूरा विवाद
हरियाणा सरकार ने गुर्जर समाज की मांग पर ढांड रोड पर सम्राट मिहिर भोज की प्रतिमा लगाई है। सम्राट मिहिर भोज की इस प्रतिमा पर उनके नाम के आगे गुर्जर लिखा हुआ है। राजपूत समाज के नेताओं ने इसे लेकर ये मांग की कि गुर्जर शब्द हटाकर हिंदू लिखा जाए। इसी के बाद से दोनों पक्षों में विवाद गहरा गया। बीते दो दिन पहले प्रतिमा का अनावरण राज्य के शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर करने वाले थे, जहां राजपूत समाज के नेताओं ने अपना विरोध जताया। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे लोगों पर लाठीचार्ज कर दिया और 90 से अधिक प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया। यहीं से राजपूत समाज के नेताओं की नाराजगी बढ़ गई।
