गुरुग्राम

शादी के नाम पर पानीपत में ठगी; 6 दिन बाद फरार हुई दुल्हन, ससुरालवाले और बिचौलिया भी गायब

बीते दिनों पानीपत शहर के एक युवक को शादी के नाम पर ठग लिया गया। शादी के 6 दिन बाद दुल्हन गायब हो गई। इतना ही नहीं,पूरा ससुराल पक्ष और शादी तय कराने वाले का भी अब कोई पता नहीं चल रहा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर 6 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

Image

शादी के छठे दिन दुल्हन फरार

पानीपत से एक हैरान करने वाली खबर आई है। जहां शादी के नाम पर एक शख्स के साथ धोखाधड़ी हो गई। शादी के मात्र 6 दिनों के बाद ही दुल्हन समेत, ससुराल वाले और बिचौलिया गायब हो गए। दुल्हन अपने भाई के साथ मायके लौटी थी लेकिन संपर्क करने पर सारी कोशिशें नाकाम होने पर पुलिस में शिकायत कर केस दर्ज कराया।

क्या है पूरा मामला

हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, सेक्टर 6 का रहने वाले सुनील कुमार ने पुलिस को दर्ज कराई गई अपनी शिकायत में बताया कि वह और उसका भाई पंकज, भोला चौक निवासी पप्पू चौहान से मिले थे। जिसने इन्हें बताया कि वो सुनील की शादी करवा सकता है। उसने अपने फोन से कुछ लड़कियों की तस्वीरें दिखाईं। एक लड़की को पसंद करने के बाद सुनील अपने भाई और भाभी के साथ कुरूक्षेत्र में लड़की देखने गए। वहां शादी की बातचीच हुई और लड़की वालों की गरीबी का तकाजा देकर पप्पू ने सुनील से 1 लाख 11 हजार रुपये मांगे। लड़की वालों की तरफ से शादी में होने वाले खर्च के नाम पर ये रुपये लिए गए थे।

8 फरवरी को पानीपत के राधेश्याम मंदिर में शादी हुई और अगले दिन लड़के वालों ने एक रिसेप्शन का भी आयोजन किया। लड़की के घर आ जाने के बाद 14 फरवरी की शाम दुल्हन का भाई घर पहुंचा और दुल्हन को कथित तौर पर मायके लेकर चला गया। इसके बाद जब सुनील ने लड़की से संपर्क करने की कोशिश की, तो सारी मेहनत बेकार गई। शादी तय कराने वाले से भी कोई संपर्क नहीं हो पाया।

पीड़ित ने पानीपत के थाना सेक्टर 13-17 में शिकायत दर्ज कराई है। जिसके आधार पर पुलिस ने 6 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article