गुरुग्राम

गुरुग्राम में 18वें अर्बन मोबिलिटी इंडिया कॉन्फ्रेंस का उद्घाटन, क्या बोले शहरी कार्य मंत्री

डीएमआरसी ने कहा कि 7-9 नवंबर तक गुरुग्राम में आयोजित 18वें अर्बन मोबिलिटी इंडिया (यूएमआई) सम्मेलन एवं एक्सपो 2025 के उद्घाटन अवसर पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने डीएमआरसी के स्टॉल का दौरा किया। डीएमआरसी के प्रबंध निदेशक डॉ. विकास कुमार ने उनका स्वागत किया और उन्हें दिल्ली मेट्रो की नवीनतम पहलों के बारे में जानकारी दी।

Image

गुरुग्राम में 18वें अर्बन मोबिलिटी इंडिया कॉन्फ्रेंस का उद्घाटन (फोटो-@OfficialDMRC)

गुरुग्राम : गुरुग्राम में शुक्रवार को 18वें अर्बन मोबिलिटी इंडिया कॉन्फ्रेंस-कम-एग्जीबिशन 2025 का उद्घाटन किया गया। इस कॉन्फ्रेंस-कम-एग्जीबिशन को लेकर जानकारी देते हुए केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि आज शहरी विकास केवल इंफ्रास्ट्रक्चर तक ही सीमित नहीं है। यह हर नागरिक को सम्मानजनक जीवन देना सुनिश्चित करने से भी जुड़ा है।

केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने शुक्रवार को कहा कि पीएम मोदी के विजन से प्रेरित होकर, पीएम ई-बस सेवा, आरआरटीएस और मेट्रो विस्तार जैसी प्रमुख पहल 2047 तक विकसित भारत के लिए एक स्थायी शहरी परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण बनी हुई हैं। उन्होंने कहा कि ट्रू मोबिलिटी का मतलब बदलाव से है। यह फोरम हमारी साझा प्रतिबद्धताओं को दर्शाता है, जो एक सही दिशा में बदलाव की ओर बढ़ रहा है। आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, केंद्रीय मंत्री ने उद्घाटन भाषण में भारत के मोबिलिटी इकोसिस्टम को आकार देने में अर्बन मोबिलिटी इंडिया के योगदान को सराहा।

उन्होंने कहा कि करीब 1100 किलोमीटर ऑपरेशनल मेट्रो नेटवर्क के साथ भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा मेट्रो नेटवर्क बन चुका है और इसी के साथ देश दूसरे पायदान पर पहुंचने जा रहा है। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने पीएम ई-बस सेवा को लेकर कहा कि छोटे शहरों में 10,000 इलेक्ट्रिक बसों को सड़कों पर उतारने की घोषणा की। इनमें से 100 ई-बस को गुरुग्राम में लाया जाएगा। मेट्रो यात्र को लेकर लास्ट माइल कनेक्टिविटी एक बड़ी चुनौती बनी हुई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि मंत्रालय सुधारों को लाने का हर संभव प्रयास करेगा।

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी), अपनी सहायक कंपनी दिल्ली मेट्रो इंटरनेशनल लिमिटेड (डीएमआईएल) के साथ मिलकर भारत और विदेशों में कंसल्टेंसी, निर्माण, टर्नकी प्रोजेक्ट, मैनेजमेंट सर्विस और संचालन और रखरखाव से जुड़ी परियोजनाओं के निष्पादन के लिए मंत्रालय की ओर से नोडल एजेंसी के रूप में काम करेगी।

डीएमआरसी के स्टॉल का केंद्रीय मंत्री ने किया दौरा

डीएमआरसी ने कहा कि 7-9 नवंबर तक गुरुग्राम में आयोजित 18वें अर्बन मोबिलिटी इंडिया (यूएमआई) सम्मेलन एवं एक्सपो 2025 के उद्घाटन अवसर पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने डीएमआरसी के स्टॉल का दौरा किया। डीएमआरसी के प्रबंध निदेशक डॉ. विकास कुमार ने उनका स्वागत किया और उन्हें दिल्ली मेट्रो की नवीनतम पहलों के बारे में जानकारी दी। एमओएचयूए के तत्वावधान में आयोजित इस सम्मेलन में शहरी विकास और मोबिलिटी नेक्सस पर केंद्रित 1600 से अधिक राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article