शहर

गुरुग्राम में डबल मर्डर से सनसनी, सिक्योरिटी ऑफिसर ने लाइसेंसी पिस्तौल से पत्नी और बेटे पर बरसाईं गोलियां

गुरुग्राम से डबल मर्डर की वारदात सामने आी है, जहां एक 50 वर्षीय व्यक्ति ने घरेलू विवाद के चलते अपनी पत्नी और बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी। जिसके बाद आरोपी शवों के पास ही बैठा रहा। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच की जा रही है।

Image

Gurugram Double Murder

Gurugram Double Murder: हरियाणा के गुरुग्राम में शनिवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। अशोक विहार फेज-3 में एक निजी कंपनी के चीफ सिक्योरिटी ऑफिसर ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और बेटे की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि घरेलू विवाद के चलते आरोपी ने अपनी लाइसेंसी पिस्तौल से दोनों को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान 50 वर्षीय अनिल के रूप में हुई है। उसकी पत्नी आशा (45) एक निजी स्कूल में प्रिंसिपल थीं, जबकि बेटा प्रशांत (25) परिवार के साथ ही रहता था। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। शनिवार रात भी दोनों के बीच झगड़ा शुरू हो गया।

हत्या के बाद शव के पास बैठा रहा आरोपी

पुलिस के अनुसार, पति-पत्नि के बीच विवाद बढ़ने पर दूसरे कमरे में सो रहा उनका बेटा भी प्रशांत जाग गया। वह झगड़ा शांत कराने की कोशिश कर रहा था। तभी अनिल ने कथित तौर पर अपनी लाइसेंसी पिस्तौल निकाली और पत्नी व बेटे पर गोलियां चला दीं। जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी घर में ही पत्नी और बेटे के शवों के पास बैठा रहा। सुबह जब पड़ोसियों को घटना की जानकारी हुई, तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद पालम विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने उसकी लाइसेंसी पिस्तौल भी जब्त कर ली है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का केस किया दर्ज

पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि परिवार के सदस्यों और अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है, जिससे घटना के पीछे की पूरी वजह सामने आ सके।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article