65 हजार शराब की बोतलों पर चला बुलडोजर, गुजरात में शराबबंदी के तहत कड़ा एक्शन, 2 करोड़ से ज्यादा थी कीमत

Gujarat Liquor Ban: गुजरात के भावनगर में शराबबंदी कानून के तहत बड़ी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने अदालत के आदेश के बाद जब्त की गई 2.28 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की विदेशी शराब और बीयर को नष्ट कर दिया।

Gujarat Liquor Ban: गुजरात के भावनगर जिले में शराबबंदी कानून के तहत बड़ी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने अदालत के आदेश के बाद जब्त की गई विदेशी शराब और बीयर के बड़े जखीरे को नष्ट कर दिया। यह कार्रवाई भावनगर ग्रामीण डिवीजन पुलिस (Bhavnagar Liquor Destruction) द्वारा की गई, जिसमें भारी मात्रा में शराब और बीयर को बुलडोजर से खत्म किया गया। पुलिस के अनुसार, यह पूरा मुद्देमाल अलग-अलग 151 मामलों में जब्त किया गया था, जो शराब तस्करी और अवैध शराब से जुड़े थे। इन सभी मामलों में कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद अदालत से अनुमति ली गई और फिर नष्ट करने की कार्रवाई की गई। इस अभियान के दौरान कुल 65 हजार से अधिक विदेशी शराब की बोतलें और करीब 6 हजार बीयर के टिन नष्ट किए गए।

Gujarat Liquor Ban

गुजरात में शराबबंदी के तहत पुलिस की बड़ी कार्रवाई

कुल कीमत लगभग 2.28 करोड़ रुपये से ज्यादा

अधिकारियों ने बताया कि नष्ट किए गए सामान की कुल कीमत लगभग 2.28 करोड़ रुपये से अधिक है। कार्रवाई के दौरान पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और संबंधित प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। पूरे अभियान को निर्धारित नियमों और सुरक्षा मानकों के अनुसार पूरा किया गया। पुलिस का कहना है कि गुजरात में शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू किया जाता है और इस तरह की जब्त सामग्री को समय-समय पर अदालत की अनुमति लेकर नष्ट किया जाता है। इस कदम का उद्देश्य अवैध शराब कारोबार पर रोक लगाना और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना है।

End of Feed