शहर

गुजरात में दिल दहला देने वाली वारदातें, दाहोद में मां बनीं 'किलर'

गुजरात के दाहोद एक पुलिसकर्मी की पत्नी ने दो बच्चों को जहर देकर मारने की खबरें सामने आई हैं। वहीं सूरत में एक महिला ने घरेलू विवाद के बाद अपनी दो बच्चियों को जहर देने के बाद खुद जहर पी लिया।

Image

गुजरात में 2 मां ने अपने बच्चों को दिया जहर (फोटो-Istock)

गुजरात के दाहोद और सूरत से दो दिल दहला देने वाली घटनाएं सामने आई हैं, जिन्होंने पारिवारिक तनाव के खतरनाक परिणामों को उजागर कर दिया है। दोनों मामलों में माताओं ने अपने ही बच्चों को जहर देने के बाद खुद भी आत्महत्या का प्रयास किया, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

दाहोद में पुलिसकर्मी की पत्नी ने बेटों को मारा

दाहोद में ए-डिवीजन में तैनात एक पुलिसकर्मी की पत्नी ने अपने दो मासूम बच्चों, जिनकी उम्र 7 और 3 साल थी, को जहर देकर मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद महिला ने भी जहर पी लिया। घटना के तुरंत बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है और हालत नाजुक बनी हुई है। सूचना मिलते ही बी-डिवीजन पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर किन परिस्थितियों ने महिला को इतना भयावह कदम उठाने पर मजबूर किया।

सूरत में मां ने बच्चियों को जहर देकर आत्महत्या का किया प्रयास

वहीं, सूरत के डभोली इलाके में भी इसी तरह की एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां सुमन प्रतीक आवास में रहने वाली मित्तल पटेलिया ने घरेलू विवाद के चलते अपनी दो बेटियों, 6 साल की वेनीशा और 5 साल की आरवी, को जहर पिलाने के बाद खुद भी जहर पी लिया। तीनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां बच्चियों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है। हालांकि, मित्तल पटेलिया की इलाज के दौरान मौत हो गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मित्तल का अपने पति के साथ घरेलू मुद्दों को लेकर अक्सर विवाद होता था, जिससे वह मानसिक तनाव में थी। दोनों ही मामलों में पुलिस जांच कर रही है और पारिवारिक कलह को संभावित कारण माना जा रहा है। ये घटनाएं इस बात की गंभीर चेतावनी हैं कि घरेलू तनाव और मानसिक दबाव को नजरअंदाज करना कितना घातक साबित हो सकता है।

Dhruv Sanchania
ध्रुव संचानियाauthor

ध्रुव संचानिया गुजरात में टाइम्स नेटवर्क के सीनियर जर्नलिस्ट और ब्यूरो चीफ के पद पर कार्यरत हैं। ध्रुव ने प्रिंट, रेडियो, डिजिटल और टीवी पर शानदार काम किया है। क्राइम, इन्वेस्टिगेशन से लेकर इंसानी कहानियों तक में उनका काम गहराई से भरा होता है। जब वह हेडलाइन के पीछे नहीं भाग रहे होते तो वह सड़कों, सिनेमा और अगली छिपी हुई कहानी के पीछे भाग रहे होते हैं। उनका काम ऐसा है जो उन्हें अलग ला खड़ा करता है।

और पढ़ें
End of Article