Gujarat News: गुजरात में औद्योगिक विकास को गति देने और आधुनिक सुविधाओं का विस्तार करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने धोलेरा स्पेशल इन्वेस्टमेंट रीजन (DSIR) का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप विकसित की जा रही प्रमुख परियोजनाओं का मौके पर निरीक्षण कर उनकी प्रगति की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से औद्योगिक, सामाजिक और कनेक्टिविटी से जुड़ी सुविधाओं के निर्माण कार्यों का जायजा लिया।
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल (फाइल फोटो- PTI)
लोगों की जरूरतों को पूरा करने का लक्ष्य
धोलेरा के एक्टिवेशन एरिया में बन रहे 200 बिस्तरों वाले मल्टी-स्पेशलिटी अस्पताल, इंटीग्रेटेड स्कूल, फायर स्टेशन, 42 कमरों के गेस्ट हाउस, 600 लोगों की क्षमता वाले फूड कोर्ट और 50 टेंट वाली टेंट सिटी सहित होटल एवं आवासीय-व्यावसायिक परियोजनाओं की जानकारी ली गई। इन सुविधाओं का लक्ष्य यहां स्थापित होने वाले उद्योगों में काम करने वाले कर्मचारियों और अन्य लोगों की जरूरतों को पूरा करना है।
सीएम पटेल ने किया ग्रीन स्पेस का भी निरीक्षण
मुख्यमंत्री ने 53 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित किए जा रहे ग्रीन स्पेस का भी निरीक्षण किया। वन विभाग और सद्भावना ट्रस्ट के सहयोग से यहां 1.11 लाख से अधिक पौधे लगाए जा रहे हैं। पौधों के बेहतर संरक्षण के लिए अपनाई जा रही ड्रम प्लांटेशन तकनीक की भी समीक्षा की गई। इस पहल को औद्योगिक विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स की निर्माणाधीन सेमीकंडक्टर फैब्रिकेशन फैसिलिटी का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की स्थिति जानी। यह परियोजना सेमीकंडक्टर उत्पादन, तकनीकी कंपनियों, सहायक उद्योगों और कुशल रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभा सकती है।
धोलेरा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कैलिब्रेशन फ्लाइट की सफल लैंडिंग
धोलेरा की कनेक्टिविटी पर भी विशेष ध्यान दिया गया। अहमदाबाद-धोलेरा एक्सप्रेसवे शुरू हो चुका है, जबकि धोलेरा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कैलिब्रेशन फ्लाइट की सफल लैंडिंग हो चुकी है। हवाई अड्डे के 2026 के अंत तक चालू होने की उम्मीद है। इसके अलावा, भीमनाथ-धोलेरा लॉजिस्टिक हब के लिए 23 किलोमीटर लंबी रेल लाइन विकसित की जा रही है। वहीं, 20,667 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाली 134 किलोमीटर लंबी अहमदाबाद-धोलेरा सेमी हाई-स्पीड डबल रेल लाइन परियोजना को भी मंजूरी मिली है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को धोलेरा के विकास रोडमैप और विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी दी।
