Gujarat News: भ्रष्टाचार ऐसा नमक है, जिसका स्वाद अगर किसी को लग जाए तो वह इससे बच नहीं सकता। भ्रष्टाचार रूपी नमक के स्वाद का लुत्फ लेने वालों की अंतिम मंजिल जेल ही होती है। गुजरात के भरूच जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने एक बड़ी कार्रवाई की है। ACB ने यहां 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए तीन पुलिसकर्मियों को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में अंकलेश्वर और पानोली पुलिस स्टेशन से जुड़े दो असिस्टेंट हेड कॉन्स्टेबल और एक पुलिस कॉन्स्टेबल भी शामिल हैं।
रिश्वत लेते पकड़े गए तीन पुलिसकर्मी
क्या है पूरा मामला
ACB के मुताबिक एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज की थी, जिसके खिलाफ पानोली पुलिस स्टेशन में प्रोहिबिशन एक्ट के तहत मामला दर्ज था। जब वह व्यक्ति जमानत पर रिहा हुआ तो उसने अपने जब्त मोबाइल को वापस मांगा। इस पर आरोपी पुलिसकर्मियों ने मोबाइल लौटाने के बदले उससे 3 लाख रुपये की रिश्वत मांग ली। जब उस व्यक्ति ने एकमुश्त रकम देने में असमर्थता जतायी तो तीनों आरोपी 1-1 लाख की तीन किस्तों में रिश्वत लेने को तैयार हो गए।
ऐसे पकड़े गए रिश्वतखोर पुलिसकर्मी
पुलिसकर्मियों की रिश्वत की इस मांग के बाद शिकायतकर्ता ने ACB से संपर्क किया। शिकायत मिलने के बाद ACB ने पानोली पुलिस थाने के सामने स्थित 'डी' स्टाफ चैंबर में रिश्वतखोर पुलिसकर्मियों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। तय योजना के मुताबिक जैसे ही आरोपी पुलिसकर्मियों को रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 1 लाख मिले, वैसे ही ACB की टीम ने तीनों को रंगेहाथ पकड़ लिया।
कौन हैं रिश्वतखोर पुलिसकर्मी
ACB द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान असिस्टेंट हेड कॉन्स्टेबल अनिरुद्ध धाधल, असिस्टेंट हेड कॉन्स्टेबल जयदीप सिंह परमार और पुलिस कॉन्स्टेबल सागर चावड़ा के रूप में हुई है। ACB के भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत अब तीनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
यही नहीं जांच एजेंसी जांच एजेंसी अब आरोपी पुलिसकर्मियों के बैंक खातों, चल-अचल संपत्तियों, आय के स्रोतों और किसी भी तरह की संभावित बेनामी संपत्तियों की भी जांच कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस रिश्वतखोरी केस में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है या नहीं।
