शहर

दिल्ली के बाद गुजरात में ड्रग्स रैकेट का भंडाफोड़, 5000 करोड़ की कोकीन जब्त, पांच लोग गिरफ्तार

दिल्ली में महीने की शरुआत में 700 किलो कोकीन जब्ती के दौरान गुजरात की ड्रग्स कंपनी की बात सामने आई थी। इसके बाद दिल्ली पुलिस और गुजरात पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाते हुए गुजरात के अंकलेश्वर से 5 हजार करोड़ रुपये का कोकीन जब्त किया है। मामले में 5 लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है।

Image

गुरजारत से भारी मात्रा में कोकीन जब्त

दिल्ली पुलिस और गुजरात पुलिस ने गुजरात के अंकलेश्वर में ड्रग्स सप्लाई करने वालों को पकड़ने के लिए एक संयुक्त अभियान चलाया। पुलिस ने इस अभियान के तहत 518 किलोग्राम कोकीन बरामद की, जिसकी कीमत 5,000 करोड़ रुपये बताई जा रही है। कोकिन के साथ 5 लोगों को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि कोकीन ड्रग्स की बरामदगी अक्टूबर माह की शुरुआत में दिल्ली से जब्त हुई 700 किलोग्राम कोकीन मामले से जुड़ी हुई है। यही कारण है कि गुजरात की राज्य पुलिस के साथ दिल्ली पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया और अंकलेश्वर से कोकीन के साथ 5 लोगों को गिरफ्तार किया।

एक माह में 1,289 किलोग्राम कोकीन बरामद

पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस महीने में दिल्ली और गुजरात से कुल 1289 किलोग्राम कोकीन बरामद किया गया है। दिल्ली से 700 किलो और गुजरात से 518 किलो कोकीन मिला है। साथ ही 40 किलो 'हाइड्रोपोनिक थाईलैंड मारिजुआना' भी बरामद किया गया है। इसकी कीमत 13,000 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। पुलिस ने अभी तक इस मामले में 12 लोगों को गिरफ्तार किया है। सूत्रों ने बताया कि यह देश में किसी भी एजेंसी द्वारा की गई अब तक की सबसे बड़ी जब्ती मानी जा रही है।

दिल्ली में हुआ अंकलेश्वर की ड्रग्स कंपनी का खुलासा

दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी के अनुसार, इस महीने की शुरुआत में 700 किलोग्राम कोकीन की जब्ती के मामले की जांच के दौरान स्पेशल सेल को पता चला कि मादक पदार्थ यानी ड्रग्स अंकलेश्वर स्थित ‘अवकार ड्रग्स लिमिटेड कंपनी’ से लाए गए थे। अधिकारी ने बताया कि रविवार को स्पेशल सेल की एक टीम गुजरात भेजी गई और कंपनी के गोदाम से कोकीन बरामद की गई। उन्होंने बताया कि मौके से पांच लोगों को गिरफ्तार भी किया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों से दुबई और ब्रिटेन से संचालित कथित अंतरराष्ट्रीय गिरोह के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

ड्रग्स के मामले में 12 लोग गिरफ्तार

स्पेशल सेल ने दो अक्टूबर को दक्षिणी दिल्ली के महिपालपुर में एक गोदाम से 560 किलोग्राम से अधिक कोकीन और 40 किग्रा ‘हाइड्रोपोनिक थाईलैंड मारिजुआना’ जब्त किया था, जिसकी अनुमानित कीमत 5,620 करोड़ रुपये है तथा चार लोगों को गिरफ्तार किया था। इसके बाद दो अन्य लोगों को अमृतसर और चेन्नई से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को उत्तर प्रदेश के हापुड़ से एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया जो कि इस मामले में गिरफ्तार किया गया सातवां व्यक्ति है।

(इनपुट -भाषा)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article