Greenfield Expressway Update: गाजीपुर के हृदयपुर से बलिया होते हुए मांझी तक बनाए जा रहे ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे का करीब 88 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। पहले इसे मई के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन अब इसकी समयसीमा बढ़ाकर अगस्त कर दी गई है। करीब 5311 करोड़ रुपये की इस परियोजना को चार हिस्सों (पैकेज) में बांटकर काम किया जा रहा है। पहले पैकेज में हृदयपुर से शाहपुर तक का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। वहीं दूसरे पैकेज, जो शाहपुर से पिंडारी तक है, में कुछ स्थानों पर अभी बिजली की लाइनों को शिफ्ट किया जाना बाकी है। इसके अलावा तीसरे पैकेज में पिंडारी से रिविलगंज बाइपास तक कई जगहों पर अभी मिट्टी भराई का काम चल रहा है, जिसके पूरा होने के बाद आगे का निर्माण तेज किया जाएगा।
तीनों पैकेजों की कुल लंबाई है इतनी
इन तीनों पैकेजों की कुल लंबाई लगभग 117.120 किलोमीटर निर्धारित की गई है। इसके अतिरिक्त चौथे पैकेज के अंतर्गत 17.27 किलोमीटर लंबा बक्सर स्पर मार्ग भी बनाया जा रहा है। इस हिस्से में करीमुद्दीनपुर रेलवे स्टेशन के पास करीब 205 मीटर लंबा रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) प्रस्तावित है, जिसका निर्माण कार्य एनएचएआई अधिकारियों के अनुसार शुरू हो चुका है। इस परियोजना के पूरा होने के बाद पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पार करने के बाद बिहार जाने वाले वाहन भरौली-बक्सर मार्ग के जरिए आसानी से आवागमन कर सकेंगे। साथ ही इस पूरे प्रोजेक्ट के तहत कुल पांच ओवरब्रिज और 12 छोटे पुलों का निर्माण किया जा चुका है।
ऑटोमैटिक ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (एटीएमएस)
इस एक्सप्रेसवे पर वाहनों की गति पर नजर रखने के लिए ऑटोमैटिक ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (एटीएमएस) लगाया जाएगा। साथ ही यहां पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, एंबुलेंस, क्रेन और रूट पेट्रोलिंग वाहनों जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। इस परियोजना के पूरा होने से उत्तर प्रदेश और बिहार के बीच संपर्क और मजबूत होगा। बिहार के प्रमुख क्षेत्र पटना-बक्सर और छपरा सीधे लखनऊ और दिल्ली से जुड़ जाएंगे।
डेढ़ घंटे में तय होगी गाजीपुर से बलिया की दूरी
वर्तमान में गाजीपुर से बलिया होते हुए छपरा पहुंचने में चार घंटे से अधिक का समय लगता है, लेकिन इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने के बाद यह दूरी करीब डेढ़ घंटे में तय की जा सकेगी। इसका मुख्य कारण यह है कि इस मार्ग पर वाहन लगभग 100 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से चल सकेंगे। इसके अलावा इस परियोजना से उत्तर प्रदेश के गाजीपुर और बलिया के 86 और 99 गांव तथा बिहार के छपरा (सारण) जिले के चार गांव सीधे इस हाईवे नेटवर्क से जुड़ जाएंगे।
यह रास्ते जुड़ रहे हैं ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे से
- एनएच-24, गाजीपुर-गोरखपुर मार्ग
- पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे
- गाजीपुर-कासिमाबाद मार्ग
- युसुफपुर-कासिमाबाद मार्ग
- मोहम्मदाबाद-नसीरपुर मार्ग
- बयासी-बलिया मार्ग
- हल्दी मार्ग
- लालगंज-बैरिया मार्ग
- राष्ट्रीय राजमार्ग-31, बलिया-हाजीपुर (पूर्वनिर्मित)
- मांझी-डुमरी-ताजपुर मार्ग
- मोहम्मदाबाद-चितबड़ागांव मार्ग
- कोटवा-नरायणपुर मार्ग
