ग्रेटर नोएडा वेस्ट को सरकार और प्रशासन ने अपने हाल पर छोड़ दिया है। यहां न तो पब्लिक ट्रांसपोर्ट है, न ही कई सोसाइटी में NPCL की बिजली पहुंची है और न ही पानी की उचित व्यवस्था है। अथॉरिटी की तरफ से तमाम सोसाइटी में पंप के जरिए ग्राउंड वाटर पहुंचाया जाता है, जिससे इलाके का वाटर लेबल देर-सबेर काफी नीचे चला जाएगा। ऊपर से पंप सेट खराब होने जैसी घटनाओं के कारण यहां की वर्टिकल झुग्गियों में लोगों को खासी परेशानी होती है। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सुपरटेक इको विलेज-2 सोसाइटी के लोग दो दिन से पानी की समस्या झेल रहे हैं।
नोएडा एक्सटेंशन की सुपरटेक इको विलेज-2 सोसाइटी में कल यानी मंगलवार 24 फरवरी की सुबह करीब 9 बजे अथॉरिटी की वाटर सप्लाई करने वाली मोटर में दिक्कत आ गई। इसके कारण अचानक सोसाइटी में पानी की सप्लाई प्रभावित होने लगी। गनीमत रही की 9 बजे के बाद यह दिक्कत आई और इससे पहले ही स्कूल जाने वाले बच्चे स्कूल जा चुके थे और दफ्तर जाने वाले ज्यादातर लोग भी नहा-धोकर जा चुके थे।
जलापूर्ति बाधित होने से घर के अन्य कामों, जैसे कपड़े धोने के लिए पानी की समस्या होने लगी। सोसाइटी के फैसिलिटी मैनेजर ने इको विलेज-2 के हर टावर के व्हाट्सएप ग्रुप में इस संबंध में जानकारी साझा की। साथ ही बताया कि इस समस्या को जल्द से जल्द सुलझाने की कोशिश हो रही है। बताया गया कि अथॉरिटी के स्टाफ के साथ खराब मोटर को जल्द से जल्द बदलने के लिए लगातार बातचीत की जा रही है। देर शाम तक समस्या का समाधान नहीं हुआ।
लोगों को अपने खाने-पीने की जरूरत के लिए बोतलबंद पानी मंगवाना पड़ा। बोतलबंद पानी की खपत इतनी ज्यादा बढ़ गई की सोसाइटी के मार्ट में मौजूद सभी दुकानों पर पानी को बोतलें खत्म हो गईं। वो तो भला हो कुछ ही मिनटों में ग्रोसरी पहुंचाने वाली एप्स का जिन्होंने, लोगों की जरूरत को समझते हुए जल्दी-जल्दी उनके घरों तक बोतलबंद पानी पहुंचाया।
हालांकि, सोसाइटी की मेनटेनेंस एजेंसी की तरफ से सोसाइटी में पानी के टैंकर भी मंगवाए गए। लेकिन यह सुपरटेक इको विलेज 2 जैसी सोसाइटी के लिए नाकाफी थे। बता दें कि सोसाइटी के करीब 34 टावरों में लोग रह रहे हैं और हर टावर ग्राउंड+20 मंजिला है। ऐसे में ऊपरी मंजिल के लोगों के लिए नीचे आकर टैंकर से पानी भरकर ले जाना बहुत बड़ा सिरदर्द है।
देर रात करीब डेढ़ बजे फैसिलिटी मैनेजर ने टावर ग्रुपों में मैसेज करके बताया कि पंप का काम पूरा हो गया है, यानी समस्या को ठीक कर लिया गया है और अब सभी टावरों के ओवर हेड टैंकों में पानी भरने की कार्रवाई शुरू की जा रही है। हालांकि, आज यानी बुधवार 25 फरवरी को भी सोसाइटी में पानी की किल्लत बनी हुई है। सोसाइटी में कई लोगों के घरों तक अब भी पानी नहीं पहुंच पाया है। लगातार दो दिन पानी नहीं आने से यहां लोगों की स्थिति बिगड़ती चली जा रही है और उनका धैर्य भी जवाब देने लगा है।
हालांकि, फैसिलिटी की तरफ से कहा जा रहा है कि सभी टावरों के ओवरहेड टैंक में पानी भरने का काम जारी है। शाम 6 बजे तक सभी जगह पानी की सप्लाई सुचारू हो जाएगी। कहा गया है कि पानी की सप्लाई शुरू होने के बाद भी कुछ समय तक दिक्कत हो सकती है।
