ग्रेटर नोएडा वेस्ट में एनसीआर के लाखों लोगों ने अपने सपनों के घर का सपना देखा था। इस क्षेत्र को नोएडा एक्सटेंशन भी कहा जाता है और यहां की भारी समस्याओं के चलते लोगों ने इसे नोएडा एक-टेंशन कहना शुरू कर दिया था। यहां हर रोज सुबह और शाम के वक्त लगने वाले जाम की तस्वीरें अक्सर सोशल मीडिया पर वायरल होती रहती हैं। चार मूर्ति चौक पर बन रहे अंडरपास के चलते इस जाम में इजाफा ही हुआ है। यहां की सर्विस रोड पर भी भारी ट्रैफिक से लोग अक्सर परेशान रहते हैं। अब प्राधिकरण ने ग्रेटर नोएडा वेस्ट को ट्रैफिक जाम से मुक्ति दिलाने की योजना बनाई है। इस योजना में 2 U-Turn बनाने के साथ ही सर्विस रोड को चौड़ा किया जाना भी शामिल है।
प्राधिकरण ने ग्रेटर नोएडा वेस्ट में चारमूर्ति चौक यानी गौर सिटी सेंटर से तिगरी गोलचक्कर के बीच 60 मीटर रोड पर दो नए यूटर्न बनाने का काम शुरू कर दिया है। यही नहीं यहां आरजा स्क्वायर के पास सर्विस रोड को भी चौड़ा किया जाएगा, जिस पर अक्सर जाम लगा रहता है। बता दें कि यह सर्विस रोड इटेडा गोलचक्कर से गौड़ सिटी तक को जोड़ती है, जिस पर सुबह-शाम और विशेष रूप से शनिवार-रविवार को लोग भारी जाम से परेशान रहते हैं।
कब तक पूरा होगा U-Turn बनाने का काम
माना जा रहा है कि इसी साल अगस्त तक यह दोनों काम पूरे हो जाएंगे, क्योंकि प्राधिकरण ने काम पूरा करने की यही डेडलाइन रखी है। सर्विस रोड चौड़ी होने और 2 नए यूटर्न बनने से क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही काफी सुगम हो जाएगी। यूटर्न के निर्माण पर 3 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। वैसे भी माना जा रहा है कि इसी महीने यानी फरवरी में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन हो जाएगा। ग्रेटर नोएडा के जेवर में बन रहे इस एयरपोर्ट के शुरू होने से 60 मीटर रोड पर ट्रैफिक का दबाव काफी ज्यादा बढ़ जाएगा।
सर्विस रोड को चौड़ा करने काम जल्द होगा शुरू
सर्विस रोड के चौड़ा होने से यह दो लेन की हो जाएगी, जो अभी साढ़े तीन मीटर यानी एक लेन की है। गौर सिटी-1 और गौर सिटी -2 सोसाइटी में रहने वाले लोगों के साथ ही गाजियाबाद में क्रॉसिंग रिपब्लिक की ओर जाने वाले लोग भी इसी रास्ते से होकर आते-जाते हैं। सुबह और शाम में यहां सर्विस रोड पर अक्सर ट्रैफिक जाम देखने को मिलता है। ट्रैफिक जाम की समस्या के स्थायी समाधान के लिए सर्विस रोड को चौड़ा किया जाएगा। परियोजना विभाग के अधिकारी के अनुसार सर्विस रोज को चौड़ा करने का काम जल्द ही शुरू किया जाएगा।
मेरठ एक्सप्रेसवे तक जाना होगा आसान
4 मूर्ति चौक और तिगरी गोलचक्कर के बीच दो नए यूटर्न बन जाने से गौर सिटी और आसपास की 20 से ज्यादा सोसाइटियों में रहने वाले डेढ़ लाख से ज्यादा लोगों को इससे फायदा मिलेगा। अभी वाहनों को तिगरी गोलचक्कर से घूमकर 4 मूर्ति की तरफ आना पड़ता है। यूटर्न बनने से तिगरी गोलचक्कर पर भी ट्रैफिक का दबाव कम होगा। यही नहीं ग्रेटर नोएडा वेस्ट से NH24 और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे की तरफ जाना भी आसान हो जाएगा।
