Greater Noida News: आम्रपाली प्रोजेक्ट्स में निवेश करने वाले हजारों फ्लैट्स खरीदारों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। सालों से अधूरे पड़े अपने घरों का इंतजार कर रहे लोगों को अब नई उम्मीद मिली है। नेशनल बिल्डिंग्स कंस्ट्रक्शन कॉरपोरेशन (NBCC) ने ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित आम्रपाली के 9 प्रमुख प्रोजेक्ट्स को पूरी तरह तैयार घोषित कर दिया है। जिसके बाद अब एनबीसीसी ने इन प्रोजेक्ट्स के कम्प्लीट कंप्लीशन सर्टिफिकेट (Complete Completion Certificate – CC) के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में आवेदन कर दिया है।
प्राधिकरण की ओर से इन प्रोजेक्ट्स के सर्वे और सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद कंप्लीशन सर्टिफिकेट जारी किया जाएगा। जिसके बाद एनबीसीसी इन सोसायटियों से हट जाएगी और इनके मेंटिनेंस संबंधित जिम्मेदारी अपार्टमेंट ओनर्स असोसिएशन (AOA) के हाथों में सौंप दी जाएगी। अभी तक इन सोसायटियों में निर्माण और मेंटेनेंस की जिम्मेदारी एनबीसीसी के पास थी। हालांकि, फ्लैट के खरीदारों को पजेशन देने और रजिस्ट्री प्रक्रिया पूरी होने तक कोर्ट रिसीवर की निगरानी बनी रहेगी।
कंप्लीट सीसी क्या होता है?
कंप्लीट सीसी का मतलब पूरी तरह से विकसित प्रोजेक्ट होता है। इसमें सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP), फायर फाइटिंग सिस्टम, लिफ्ट, बिजली-पानी की व्यवस्था और सभी लग्जरी सुविधाएं चालू हालत में होती हैं। यह किसी भी हाउसिंग प्रोजेक्ट के पूरे होने का अंतिम और सबसे अहम प्रमाणपत्र माना जाता है।
एनबीसीसी अधिकारियों के मुताबिक, सीसी के लिए आवेदन प्रक्रिया 14 फरवरी को सुप्रीम कोर्ट के नए आदेशों के बाद तेज हुई है। कोर्ट ने कंप्लीशन सर्टिफिकेट से जुड़ी जटिल प्रक्रियाओं जैसे एक्सटेंशन ऑफ टाइम (EOT) और पब्लिक नोटिस जैसी अनिवार्यताओं को हटाकर इसे आसान बना दिया है। इसके कारण कागजी कार्रवाई में लगने वाले समय की बचत होगी। साथ ही प्रोजेक्ट्स हैंडओवर प्रक्रिया भी आसान हो गई है।
2019 में NBCC को मिली आम्रपाली प्रोजेक्ट्स की जिम्मेदारी
गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट ने 2019 में आम्रपाली के 24 अटके प्रोजेक्ट्स (कुल 37,247 फ्लैट) पूरे करने की जिम्मेदारी NBCC को दी थी। जिसके बाद करीब 32 हजार फ्लैट्स का काम अब पूरा किया हो चुका है। शेष करीब 5,047 फ्लैट्स का निर्माण कार्य अंतिम चरण में चल रहा है।
