शहर

Greater Noida Encounter: गोवध गैंग पर पुलिस का प्रहार, एनकाउंटर में दो शातिर बदमाश दबोचे गए

ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा इलाके में पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया। उसके साथी असलम को पुलिस ने कॉम्बिंग ऑपरेशन के दौरान पकड़ा। आरोपियों के पास से अवैध हथियार, चोरी की बाइक और गोवध से जुड़े उपकरण बरामद मिले हैं।

Image

ग्रेटर नोएडा में मुठभेड़ में दो शातिर अपराधी गिरफ्तार

Greater Noida Encounter: ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। जिसमें एक आरोपी घायल हो गया, जबकि उसके साथी को कॉम्बिंग अभियान के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार, चोरी की मोटरसाइकिल और गोवध से संबंधित उपकरण बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार दिनांक 22 फरवरी 2026 को थाना रबूपुरा पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि करौली अंडरपास के पास संदिग्ध गतिविधि देखी गई है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम द्वारा इलाके में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस के रुकने के इशारे पर दोनों बदमाशों ने मोटरसाइकिल मोड़कर भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बदमाशों का पीछा किया। जवाबी कार्रवाई के तहत की गई फायरिंग में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। घायल की पहचान सलमान पुत्र बुखारी निवासी मोहल्ला आरापुरी, थाना कैराना, जिला शामली के रूप में हुई है। वहीं उसका साथी असलम पुत्र अकबर निवासी ग्राम रोहिन्दा, थाना अरनिया, जिला बुलंदशहर को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया।

दोनों आरोपियों के अपराध रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस

घायल आरोपी को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से 2 अवैध तमंचे .315 बोर, 2 जिंदा कारतूस, 2 खोखा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की एक चोरी की मोटरसाइकिल तथा गोवध के लिए उपयोग में लाए जाने वाले उपकरण- 2 रस्सियां, 2 चाकू, 1 सिरिंज, 1 इंजेक्शन की शीशी और 2 खाली प्लास्टिक के कट्टे बरामद किए हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं और थाना रबूपुरा में पंजीकृत मुकदमा और गोवध निवारण अधिनियम में वांछित चल रहे थे। दोनों के अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस सतर्कता बढ़ा दी गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

(इनपुट - IANS)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article