ग्रेटर नोएडा

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में 16वीं मंजिल के स्टूडियो अपार्टमेंट से कूदा युवक, मौत

ग्रेटर नोएडा में स्थित गौर सिटी सेंटर की 16वीं मंजिल से एक युवक ने छलांग लगा दी। युवक 16वीं मंजिल से तीसरी मंजिल पर गिरा और उसकी मौत हो गई। पुलिस की टीम मामले की जांच कर रही है।

Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा वेस्ट यानी नोएडा एक्सटेंशन से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आयी है। यहां चार मूर्ति चौक के पास स्थित गौर सिटी सेंटर के स्टूडियो अपार्टमेंट से गिरकर एक युवक की मौत हो गई। खबरों के मुताबिक युवक ने गौर सिटी सेंटर में 16वीं मंजिल के स्टूडियो अपार्टमेंट से कूदकर आत्महत्या कर ली।

यह घटना गुरुवार की है। पुलिस को मृतक के कमरे से किसी तरह का कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस मामले की बारीकी से तफ्तीश कर रही है। पुलिस के मुताबिक मृतक का नाम आर्यन शर्मा था और उसकी उम्र महज 20 साल थी। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश में ही बरेली का रहने वाला था।

पुलिस ने बताया कि वह गौर सिटी सेंटर में 16वीं मंजिल पर एक स्टूडियो अपार्टमेंट में रह रहा था। पुलिस को अपनी जांच में पता चला कि वह गौर सिटी सेंटर के बगल में ही मौजूद गौर सिटी मॉल में स्थित एक होटल में नौकरी करता था। स्थानीय बिसरख थाने की पुलिस ने जानकारी दी कि गुरुवार दोपहर को आर्यन 16वीं मंजिल पर अपने स्टूडियो अपार्टमेंट के टेरिस एरिया से कूद गया। 16वीं मंजिल से वह सीधे तीसरी मंजिल पर आकर गिरा। वहां मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने घायल आर्यन को उठाकर तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने बताया कि आर्यन ने अभी डेढ़ महीने पहले ही यह स्टूडियो अपार्टमेंट किराए पर लिया था। इस दौरान उसका परिजनों से भी ज्यादा संपर्क नहीं था। आर्यन ग्रेटर नोएडा वेस्ट में रहकर क्या कर रहा है, इसके बारे में भी उसके परिजनों को कोई जानकारी नहीं थी।

मृतक आर्यन के परिजनों से पूछताछ की गई तो उन्हें उसकी आत्महत्या के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पायी। सेंट्रल नोएडा ACP दीक्षा सिंह ने बताया कि उसने टेरिस एरिया से कूदकर जान दी है। घटना के संबंध में सीसीटीवी फुटेज को देखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस मामले में जांच करके जरूरी कार्रवाई की जाएगी।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article