UP Weather Updates: उत्तर प्रदेश में नवंबर के महीने में मौसम में धीरे-धीरे बदलाव देखने को मिल रहा है। आने वाले दिनों में प्रदेश में ठंड का प्रकोप बढ़ने की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने आगामी 2-3 दिनों के लिए यूपी के तराई क्षेत्रों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। तापमान में गिरावट के साथ दिन और रात दोनों समय ठंड बढ़ने की उम्मीद है।
कोहरे से ढका ग्रेटर नोएडा
इसके अलावा नोएडा और दिल्ली-एनसीआर के आसपास के इलाके घने कोहरे की चपेट में हैं। कोहरे की वजह से दृश्यता लगभग शून्य हो गई है, जिससे सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई है और यातायात जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई है। ग्रेटर नोएडा में तो हालात और भी खराब हैं। यहां कोहरे की वजह से कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा है। एनएच-91 समेत कई प्रमुख सड़कों पर वाहनों की रफ्तार कम हो गई है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और धीमी गति से वाहन चलाने की अपील की है।
ठंड के साथ-साथ बढ़ते कोहरे ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। लोग घरों से निकलने से कतरा रहे हैं। कोहरे के कारण उद्योग-धंधों पर भी असर पड़ रहा है।
इन जिलों में अलर्ट जारी
विभाग के अनुसार, 13 नवंबर को प्रदेश के कई जिलों में मध्यम से घना कोहरा छा सकता है। इसको देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बहराइच, गोंडा, श्रावस्ती, अयोध्या, बस्ती, गोरखपुर, आजमगढ़, मऊ, देवरिया, बलिया जैसे जिलों में देर रात या सुबह के समय घना कोहरा छा सकता है। 14 नवंबर को भी इन जिलों में कोहरे की संभावना बनी हुई है।
