UPITS 2025: उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआईटीएस 2025) ने इस बार महिला उद्यमियों के आत्मविश्वास और संभावनाओं को नई ऊंचाइयां दी हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा तैयार किए गए बिजनेस-फ्रेंडली माहौल और महिलाओं को प्रोत्साहित करने वाली नीतियों का असर इस इवेंट में स्पष्ट रूप से देखा गया। इस कार्यक्रम में देश और विदेश से आए बायर्स के साथ महिला उद्यमियों ने महत्वपूर्ण डील्स साइन कीं, जिससे उनके ब्रांड्स को न केवल राष्ट्रीय बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान मिली। यूपीआईटीएस 2025 ने यह साबित कर दिया कि सही नीतियां और मजबूत नेतृत्व महिला उद्यमियों को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान कर सकते हैं। योगी सरकार के प्रयासों ने उत्तर प्रदेश को निवेश और व्यापार का हब बनाने के साथ-साथ महिला उद्यमिता को भी नई पहचान दिलाई है। यह आयोजन महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक नई क्रांति के रूप में उभर रहा है।
विदेशी बायर्स से मिली सकारात्मक प्रतिक्रिया
कानपुर की उद्यमी संगीता सिंह ने यूपीआईटीएस 2025 में अपनी उपलब्धियों को साझा करते हुए बताया कि यह आयोजन उनके लिए बेहद लाभकारी रहा। लगातार तीसरे वर्ष इस इवेंट में भाग ले रही संगीता ने कहा कि इस बार भी उन्हें विदेशी बायर्स से बहुत सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली। उन्होंने शनिवार को 10 हजार डॉलर का एमओयू साइन किया। संगीता ने मोदी और योगी सरकार की महिलाओं को प्रोत्साहित करने वाली नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि इससे महिला सशक्तिकरण की एक नई मिसाल कायम हो रही है।
कई अच्छी बिजनेस डील्स मिली
दिल्ली एनसीआर की श्रुति चंडक ने भी यूपीआईटीएस में विदेशी बायर्स के साथ महत्वपूर्ण डील साइन की और एमओयू किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री योगी के प्रयासों के कारण उन्हें अपने ब्रांड को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का अवसर मिला। श्रुति ने इस अवसर के लिए सीएम योगी का आभार व्यक्त किया। कॉरिस क्वीन प्रा.लि. की रबलीन कौर ने बताया कि यह उनका यूपीआईटीएस में पहला अनुभव है और उन्होंने इस दौरान काफी कुछ नया सीखा। उनके फूड प्रोडक्ट्स को विदेशी बायर्स ने सराहा और कई अच्छी बिजनेस डील्स मिली हैं, जिनमें से कुछ एमओयू में बदल गई हैं। रबलीन ने कहा कि आयोजन का माहौल महिला उद्यमियों के लिए अत्यंत अनुकूल है और सरकार के प्रयास वाकई प्रशंसनीय हैं।
महिला सशक्तिकरण आर्थिक आत्मनिर्भरता के बिना संभव नहीं
विदेशी महिला बायर्स ने भी योगी सरकार के प्रयासों की तारीफ की। मॉरीशस की एक कंपनी ने रबलीन के साथ एमओयू साइन किया और कहा कि यहां प्रदर्शित प्रोडक्ट्स वर्ल्ड क्लास हैं और निश्चित रूप से विदेशों में भी उनकी मांग रहेगी। उन्होंने इस आयोजन के लिए यूपी सरकार का धन्यवाद किया और इसे बिजनेस प्रमोशन के लिए यादगार बताया। प्रदेश सरकार द्वारा लागू ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ नीतियों से महिला उद्यमियों को विशेष लाभ मिल रहा है। एकल विंडो सिस्टम, निवेश प्रक्रिया को आसान बनाना और महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने वाले प्रोत्साहन पैकेज उत्तर प्रदेश को महिला उद्यमियों के लिए नई संभावनाओं का केंद्र बना रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्पष्ट मानना है कि महिला सशक्तिकरण आर्थिक आत्मनिर्भरता के बिना संभव नहीं है। इसी दृष्टिकोण के तहत सरकार ने महिला उद्यमियों को प्रोत्साहन, लोन सुविधाएं, स्किल डेवलपमेंट और मार्केट एक्सेस जैसी सुविधाएं प्रदान की हैं। यूपीआईटीएस 2025 इसी नीति का ठोस उदाहरण है, जहां महिला उद्यमियों को अपने ब्रांड को बढ़ावा देने और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचने का अवसर मिल रहा है।
