रविवार 28 सितंबर को उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS 2025) का चौथा दिन था। चौथा दिन रोजगार सृजन, कौशल विकास और स्वदेशी वस्त्रों के संवर्द्धन को समर्पित रहा। रविवार को कुल 1,34,938 दर्शक पहुंचे, जिनमें 36,307 बी2बी और 98,631 बी2सी विजिटर्स शामिल थे। पहले चार दिनों में अब तक 4,00,467 लोग मेले का हिस्सा बन चुके हैं। दिनभर चले सेमिनार, पैनल डिस्कशन, पुरस्कार समारोह और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने इस मंच को नवाचार और परंपरा का संगम बना दिया है।
खादी पर विशेष संबोधन
रविवार को दिन की शुरुआत कैबिनेट मंत्री राकेश सचान के संबोधन से हुई। उन्होंने कहा, 'खादी सिर्फ कपड़ा नहीं, बल्कि हमारे राष्ट्र का गौरव और आत्मनिर्भरता का प्रतीक भी है। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में यूपी खादी को टिकाऊ और फैशनेबल वस्त्र के रूप में पुनर्परिभाषित कर रहा है।' उन्होंने ODOP और एमएसएमई नीतियों को कारीगरों और उद्यमियों के लिए सहारा बताया।
कौशल विकास पर उच्च-स्तरीय विमर्श
गौतमबुद्ध यूनिवर्सिटी ने 'कौशल विकास के लिए उद्योग-शैक्षणिक संस्थानों के बीच साझेदारी' विषय पर पैनल चर्चा आयोजित की। एजुकेशन एक्सपर्ट्स और उद्योग जगत ने पाठ्यक्रम को बदलते बाजार के अनुरूप ढालने, इंटर्नशिप और इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
पीएम विकसित भारत रोजगार योजना की जानकारी
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना (PM VBRY) के बारे में जानकारी दी। इस योजना के तहत नियोक्ताओं को भर्ती सब्सिडी और युवाओं को पहली नौकरी पाने पर प्रोत्साहन मिलेगा। यह योजना खासतौर पर मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर पर केंद्रित है।

उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो में स्वदेशी पर जोर
पुरस्कार समारोह में इनोवेटर्स को सम्मान
शाम को भव्य पुरस्कार समारोह आयोजित हुआ, जिसमें कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता 'नंदी' और राकेश सचान मौजूद रहे। उद्यमियों, निर्यातकों और इनोवेटर्स को सम्मानित किया गया, जिन्होंने यूपी की औद्योगिक वृद्धि और वैश्विक पहचान में योगदान दिया।
सीएम युवा कॉन्क्लेव में युवाओं को नई दिशा
सीएम युवा कॉन्क्लेव चौथे दिन का विशेष आकर्षण रहा। यहां 113 स्टॉल लगे, जिनमें 49 चाइज ब्रांड, 64 मशीनरी सप्लायर और 26 बिजनेस ऑन व्हील्स शामिल थे। अब तक 8,300+ बिजनेस इनक्वायरी और 7,500+ रजिस्ट्रेशन हुए हैं।
लोक कला और संगीत ने बढ़ाया उत्सव
कारोबारी गतिविधियों के बाद इंडिया एक्सपो सेंटर सांस्कृतिक मंच में बदल गया। दर्शकों ने ब्रज के मयूर नृत्य और बुंदेलखंडी लोक नृत्य का भरपूर आनंद लिया। शाम का मुख्य आकर्षण गायिका प्रतिभा सिंह बघेल की सूफी और लाइट क्लासिकल प्रस्तुति रही।
भव्य समापन की तैयारी
चार दिनों की सफल गतिविधियों के बाद यूपीआईटीएस 2025 आज यानी सोमवार 29 सितंबर को अपने अंतिम दिन और समापन समारोह की तैयारी कर रहा है। टेक्सटाइल, हैंडीक्राफ्ट, गारमेंट्स, लेदर, फूड प्रोसेसिंग, फार्मा, इलेक्ट्रॉनिक्स और डिफेंस जैसे क्षेत्रों के उत्पादों ने अंतरराष्ट्रीय खरीदारों को आकर्षित किया। ODOP और GI उत्पादों पर विशेष फोकस ने उत्तर प्रदेश की अनोखी ताकत को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित किया।
