Greater Noida Traffic Advisory: विश्व पर्यावरण एक्सपो (WEE 2025) का छठा संस्करण आज यानी 4 जून बुधवार से इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, नॉलेज पार्क II, ग्रेटर नोएडा में शुरू होने जा रहा है। यह तीन दिवसीय कार्यक्रम 4 से 6 जून, 2025 तक चलेगा, जिसे एक्सपो ग्रीन सोसाइटी ऑफ इंडिया और इंडियन एग्जीबिशन सर्विसेज संयुक्त रूप से आयोजित कर रहे हैं। इस एक्सपो में प्रमुख मंत्रालयों, सरकारी विभागों और व्यापार संगठनों का सहयोग रहेगा। इसके उद्घाटन समारोह में दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मंजिंदर सिंह सिरसा मौजूद रहेंगे।
शहर का यातायात रहेगा प्रभावित
इस कार्यक्रम में ढेरों लोग बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेंगे, जिसकी वजह से शहर का यातायात प्रभावित हो सकता है। जानकारी के मुताबिक, आयोजन को मद्देनजर रखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने लोगों के सुगम आवागमन के लिए रूट डायवर्जन की व्यवस्था की है। ऐसे में घर से निकलने से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी जरूर चेक करें।
ये है ट्रैफिक एडवाइजरी
इस ट्रैफिक एडवाइजरी के तहत गलगोटिया कट से एक्सपो मार्ट गोल चक्कर होते हुए आईएफएस गोल चक्कर जाने वाले वाहनों को शारदा गोल चक्कर से एलजी गोल चक्कर होते हुए 130 मीटर के रास्ते के जरिए अपनी डेस्टिनेशन तक पहुंचना पड़ेगा। बात अगर एक्सपो कार्यक्रम में भाग लेने वाले लोगों की करें तो उनके लिए नासा गोल चक्कर में पार्किंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से इस एडवाइजरी को फॉलो करने की अपील की है।
