Greater Noida: ग्रेटर नोएडा में आए दिन मारपीट के मामले सामने आते रहते हैं। यहां दबंगों के हौसले बुलंद हो रहे हैं। इनमें पुलिस का कोई खौफ नजर नहीं आ रहा है। ऐसा ही एक मामला ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सुपरटेक इको विलेज - 1 से सामने आया है। यहां कार सवार दबंगों ने एक युवक पर हमला कर दिया और उसकी जमकर पिटाई की। इस घटना से पूरी सोसायटी में हड़कंप मच गया। पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना कैद हो गई है। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
युवक के साथ दबंगों ने की मारपीट
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सुपरटेक इको विलेज-1 में युवक के साथ मारपीट के मामले की सूचना मिलते ही बिसरख थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस घटना से संबंधित जानकारी एकत्रित करने की कोशिश कर रही है और साथ ही सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही है। पीड़ित और घटना के दौरान मौजूद लोगों के मामले को लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दबंगों ने युवक पर किस कारण हमला किया था। नोएडा के मीडिया सेल ने बताया कि इस मामले में थाना बिसरख में अभियोग दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की पहचान की जा रही है।
सोसायटी की सुरक्षा पर उठे सवाल
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सुपरटेक इको विलेज-1 शहर की नामी सोसायटी में से एक है। यहां इस तरह की घटना के बाद से सुरक्षा पर कई सवाल उठ रहे हैं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इतना ही नहीं सोसायटी में बाहरी लोगों की एंट्री को लेकर भी सवाल खड़ा किया जा रहा है।
