ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-3 में स्थित पंचमुखी जनता फ्लैट के निवासियों का आरोप है कि सोसाइटी में दूषित पेयजल की समस्या गंभीर रूप ले चुकी है, जिसके परिणामस्वरूप 70 प्रतिशत बच्चों को पीलिया हो गया है। सोसाइटी के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष विनोद त्रिपाठी के अनुसार, इस क्षेत्र में लगभग 600 परिवार रहते हैं, और इन फ्लैट्स की देखरेख की जिम्मेदारी प्राधिकरण की है। हालांकि, मूलभूत सुविधाओं के अभाव और लंबे समय से प्रदूषित जल आपूर्ति की समस्या के कारण यहां स्वास्थ्य संकट उत्पन्न हो गया है। स्थानीय लोगों ने इस मुद्दे को उठाया, जिससे प्राधिकरण ने जांच का आश्वासन दिया है। अब निवासियों को उम्मीद है कि जल्द ही उचित कार्रवाई होगी और स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।
पंचमुखी जनता फ्लैट में दूषित पेयजल
मासूमों की जिंदगी दांव पर
स्थानीय लोगों ने बताया कि सोसाइटी में गंदे पानी की आपूर्ति का सिलसिला लंबे वक्त से जारी है। इससे पहले गंदे पानी के सेवन से 300 से अधिक लोग बीमार हो चुके हैं, लेकिन प्राधिकरण के अधिकारियों को न तो उनकी समस्याएं दिखाई देती हैं और न ही सुनाई देती हैं। सिर्फ यही मामला नहीं है, क्षेत्र की अन्य समस्याओं के संबंध में भी शिकायत करने के बावजूद प्राधिकरण के अधिकारी कान में तेल डालकर कुंभकरणी नींद में सोए रहते हैं। दूषित पानी के चलते सोसाइटी के बच्चे अब पीलिया जैसी गंभीर बीमारी की चपेट में आ रहे हैं। इससे कई मासूमों की जिंदगी दांव पर लगी है।
निवासियों की बढ़ रही चिंता
जानकारी के मुताबिक, बच्चों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। प्राधिकरण की लापरवाही के कारण गंदे पानी के सेवन से पीलिया की चपेट में पांच से 22 साल के बच्चे ज्यादा आ रहे हैं। ऐसे में, सोसाइटी में रहने वाले निवासियों की चिंता बढ़ती जा रही है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रबंधक राजेश कुमार के अनुसार मामले की गंभीरता को देखते हुए लेकर जांच की जाएगी और जल्द ही समस्या का समाधान होगा।
