ग्रेटर नोएडा

प्यार की चाह में डेटिंग ऐप का लिया सहारा और उसने सबको ही ठगा, अब पुलिस के हत्थे चढ़ा गिरोह

दादरी कोतवाली पुलिस ने गे डेटिंग ऐप के जरिए ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया और चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। ये आरोपी ग्राइंडर ऐप के माध्यम से लोगों को फंसाकर उनसे पैसे ऐंठते थे। पुलिस ने चिटहेरा गांव के पास से इन अपराधियों को गिरफ्तार कर बड़ी घटना का खुलासा किया।

Image

डेटिंग ऐप से ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश (प्रतिकात्मक फोटो)

Photo : Times Now Digital

दादरी कोतवाली पुलिस ने गे डेटिंग ऐप के माध्यम से ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया और चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। ये आरोपी ग्राइंडर ऐप के जरिए लोगों से दोस्ती कर उन्हें मिलने बुलाते थे, फिर धमका कर पैसे ऐंठते थे। करीब एक महीने पहले, इन्होंने ग्रेटर नोएडा के एक होटल मैनेजर को कार में बैठाकर उससे एक लाख रुपये ट्रांसफर कराए थे। पुलिस ने चिटहेरा गांव के पास से इन आरोपियों को पकड़ा, जिनकी पहचान दक्ष उर्फ कप्तान, भूपेंद्र उर्फ भूप्पी (दोनों दादरी निवासी), जय राघव (बुलंदशहर निवासी), और हनी के रूप में हुई। पूछताछ में खुलासा हुआ कि ये लोग लोगों को अपने जाल में फंसाकर लूटपाट और ठगी की घटनाओं को अंजाम देते थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से पीड़ित के फोन से ट्रांसफर किए गए रुपये से खरीदा गया मोबाइल भी बरामद किया। इस गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने एक बड़ी घटना का पर्दाफाश किया है।

रुपये बारकोड पर करवाए ट्रांसफर

एडीसीपी की जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने ग्रेटर नोएडा में एक होटल मैनेजर को डेटिंग ऐप के जरिए जाल में फंसाकर ठगी का शिकार बनाया गया। 17 अप्रैल 2025 को आरोपियों ने उसे स्टेलर जिमखाना सोसाइटी के पास बुलाकर कार में बैठाया और धमकी देकर उसके मोबाइल से 79,000 रुपये एक दुकान के बारकोड पर ट्रांसफर करवा लिए। इस रकम में से उन्होंने 64,000 रुपये में आईफोन 15 प्रो खरीदा और 15,000 रुपये नगद रख लिए। इसके अलावा, आरोपियों ने 24,500 रुपये एक कैफे के बारकोड पर ट्रांसफर कराए, जिसे बाद में नगद में बदल लिया गया।

हापुड़ के युवक को भी बनाया निशाना

दादरी कोतवाली पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने कुछ दिनों पहले हापुड़ के एक युवक को भी ठगा था। उन्होंने डेटिंग ऐप के जरिए उससे दोस्ती की और फिर उसे मिलने के लिए बुलाया था। आरोपियों ने युवक को जाल में फंसाकर उससे 25 हजार रुपये नगद और एक सोने की चेन लूट ली थी। पुलिस की जांच में ये पता चला कि आरोपी इस तरह की कई और घटनाओं में शामिल थे। पुलिस आरोपियों के अपराधिक इतिहास से जुड़ी जानकारियां तलाश रही है। साथ ही, उनके साथियों के बारे में भी सुराग जुटाए जा रहे हैं।

गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज

गिरोह के सभी आरोपियों पर पहले भी गंभीर धाराओं के तहत मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं, जिनमें चोरी और आर्म्स एक्ट शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, गिरोह का गैंग लीडर दक्ष है, जो केवल सातवीं कक्षा तक पढ़ा है। वो 2021 में बाइक चोरी के आरोप में जेल गया था और 2024 में घरों में चोरी के मामले में भी सजा काट चुका है। भूपेंद्र उर्फ भुप्पी, दसवीं पास है और छपरौला, बादलपुर कोतवाली क्षेत्र में प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता है। जय राघव ने 2017 में इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की थी और चार साल पहले हत्या के प्रयास एवं लूट के मामले में गुरुग्राम, हरियाणा में जेल में रह चुका है। गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और उनकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही थी।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!