Greater Noida West: ग्रेटर नोएडा वेस्ट से एक चौंका देने वाली खबर सामने आई है हैं। यहां एक सोसाइटी में तेंदुआ होने की आशंका जताई गई है। जिसके बाद से पूरी सोसाइटी में हड़कंप मच गया। दहशत के माहौल के बीच लोगों ने अपने घरों से बाहर निकलना बंद कर दिया। तेंदुआ होने की आशंका पर वन विभाग और पुलिस को इसकी सूचना दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची टीम ने देर रात सर्च अभियान चलाया। स्थिति को समझते हुए लोगों से अकेले बाहर न निकलने की अपील की गई है। जानकारी के लिए बता दें कि यह मामला ग्रेटर नोएडा की CRS सबमिलिस सोसाइटी की है।
अफवाहों पर न दें ध्यान
वन विभाग की टीम ने सोसायटी के कॉमन एरिया, पार्किंग, पार्क और अन्य संभावित स्थानों की गहन जांच की। वन विभाग के डीएफओ प्रमोद श्रीवास्तव ने बताया कि जांच के दौरान मिले पैरों के निशान लैपर्ड के नहीं, बल्कि जंगली बिल्ली के पाए गए। वीडियो और पगमार्क्स के आधार पर पुष्टि हुई कि यह महज एक जंगली बिल्ली थी, जो पास के जंगल से भटककर सोसायटी में आ गई थी। उन्होंने सोसायटी वासियों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और सामान्य रूप से अपने कामकाज जारी रखें। हालांकि, इस घटना ने लोगों में वन्य जीवों की उपस्थिति को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। वन विभाग की टीम लगातार नजर बनाए हुए है ताकि किसी भी संभावित खतरे को टाला जा सके।
ग्रेटर नोएडा में तेंदुए का खौफ
बीते साल भी ग्रेटर नोएडा की एक सोसायटी में तेंदुए के खौफ के कारण आसपास की सोसाइटी के लोग भी दहशत में रह रहे थे। उस दौरान भी वन विभाग द्वारा लगातार करीब एक महीने तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया था, लेकिन तेंदुआ या कोई जंगली जानवर उनकी पकड़ में नहीं आया था। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सोसायटी में जंगली जानवरों का आना कोई पहली घटना नहीं है, इससे पहले भी कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। फिलहाल गनीमत ये है कि अभी तक ऐसी घटनाओं में किसी के घायल होने की सूचना नहीं मिली है।
