ग्रेटर नोएडा

होली-जुम्मे पर बयान से चर्चा में आए संभल सीओ अनुज चौधरी का तबादला, अब IPS आलोक भाटी संभालेंगे कमान

यूपी के संभल सर्किल की सीओ अनुज संभल हिंसा के बाद से लगातार चर्चा में रहे हैं। इस बीच प्रशासनिक फेरबदल में उनका तबादला कर उन्हें चंदौसी सर्किल का सीओ बनाया है। उनके स्थान पर संभल सर्किल की कमान अब IPS आलोक भाटी के हाथों में दी गई है।

Image

संभल सीओ अनुज चौधरी का तबादला

यूपी के संभल जिले में पुलिस में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया गया है। इस फेरबदल में पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने तीन सर्किलों में क्षेत्राधिकारी (सीओ) स्तर पर तबादले करते हुए नए अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है। बता दें कि इस तबादले में संभल के सीओ अनुज कुमार का नाम भी शामिल है। वह किष्किंधा रथ यात्रा में गदा हाथ में लेकर चलने के साथ ही साल में 52 जुम्मे और एक होली के बयान को लेकर चर्चा में रहे थे। अनुज कुमार का तबादला चंदौसी में किया गया है और उन्हें वहां सर्किल का नया सीओ बनाया गया है।

अनुज चौधरी के स्थान पर ये अधिकारी बने संभल सर्किल के सीओ

जानकारी के लिए बता दें कि संभल सर्किल के सीओ अनुज चौधरी का तबादला चंदौसी सर्किल करने के बाद उनके स्थान पर संभल सर्किल का सीओ सहायक अधीक्षक के रूप में कार्यरत आईपीएस आलोक भाटी को बनाया गया है। इसके अलावा, आलोक सिद्धू को बहजोई सर्किल का नया प्रभारी बनाया गया है। सर्किल के पूर्व सीओ डॉ. प्रदीप कुमार अब सीओ ट्रैफिक की जिम्मेदारी संभालेंगे। वहीं वर्तमान यातायात सीओ संतोष कुमार सिंह को यूपी डायल 112 की कमान सौंपी गई है। पुलिस विभाग के इन फेरबदल का उद्देश्य जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत, दक्ष और जवाबदेह बनाना है।

होली और जुम्मे पर बयान से चर्चा में आए अनुज चौधरी

बता दें कि होली से पहले सीओ अनुज चौधरी ने रंगों से असहज महसूस करने वालों को होली के दिन घर से बाहर न निकलने की नसीहत दी थी। सीओ चौधरी ने कहा था कि इस बार होली शुक्रवार को पड़ रही है और इसी दिन जुमे की नमाज भी होती है। होली एक ऐसा त्योहार है, जो साल में एक बार आता है, जबकि शुक्रवार की नमाज साल में 52 बार होती है। होली के रंगों से अगर किसी को असहजता है, तो उन्हें घर से बाहर नहीं निकलना चाहिए। इस बयान के बाद वह काफी चर्चा में रहे थे। सीओ चौधरी के इस बयान को लेकर विपक्षी दलों ने उन्हें निशाने पर लेते हुए प्रदेश की योगी सरकार को भी घेरा था। इस विवादित बयान को लेकर उन्हें जांच का सामना करना पड़ा, जिसमें उन्हें क्लीनचीट मिल गई थी। हालांकि बाद में पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर की शिकायत पर फाइल फिर से खुल गई।

(इनपुट - आईएएनएस)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article