ग्रेटर नोएडा

यमुना एक्सप्रेसवे पर अब बढ़ गई है सड़क सुरक्षा, YEIDA ने सारे मानकों को किया पूरा, IIT दिल्ली ने सर्वे के बाद सुझाए थे उपाय

यमुना एक्सप्रेसवे के रोड सेफ्टी के मानक अब कहीं ज्यादा पुख्ता हो गए हैं। यमुना प्राधिकरण (YEIDA) ने IIT दिल्ली टीम के सुझाए सारे उपाय मान लिए हैं और सभी जरूरी मानको को भी पूरा कर लिया है। सुप्रीम कोर्ट की सड़क सुरक्षा समिति के निर्देशों पर IIT दिल्ली की टीम ने सर्वे करने के बाद YEIDA को इसे पूरा करने की जिम्मेदारी दी गई थी।

Image

यमुना एक्सप्रेसवे पर सफर होगा और सुरक्षित

Photo : Twitter

यमुना एक्सप्रेसवे पर अब हादसों की संख्या में कमी आने की उम्मीद है। यमुना एक्सप्रेस-वे इंडस्ट्रीयल डेवलपमेंट अथॉरिटी (YEIDA) ने इस एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा से संबंधित कई बदलाव किए हैं। ये सारे बदलाव IIT दिल्ली की टीम के सलाह पर किए गए हैं। अगस्त 2018 में, यीडा ने राज्य के छह जिलों - गौतमबुद्ध नगर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा और बुलंदशहर से गुजरने वाले एक्सप्रेसवे का सुरक्षा ऑडिट आईआईटी-दिल्ली की टीम से करवाया था।

IIT दिल्ली ने दिए थे सुझाव

यमुना एक्सप्रेसवे पर लगातार होने वाले हादसों को कम करने के लिए IIT दिल्ली की टीम ने 2019 में YEIDA को सड़क सुरक्षा के लिए जरूरी 21 मानकों के साथ आठ सुझाव दिए थे। जिसके लिए IIT की टीम ने ग्रेटर नोएडा से आगरा तक पूरे एक्सप्रेसवे का सर्वे किया था।

पूरे कर लिए गए हैं सभी मानक

राज्य सड़क सुरक्षा परिषद ने अपनी वार्षिक रिपोर्ट में बताया कि YEIDA ने रोड सेफ्टी के सभी 21 मानक पूरे कर लिए हैं।

सड़क सुरक्षा के इन मानकों के तहत निकास रैंप से पहले अतिरिक्त साइनेज, लेन प्रणाली को हटाना, प्रवेश और निकास बिंदुओं पर रंबल स्ट्रिप्स लगाना, निकास रैंप पर ध्वनि की तीव्रता को कम करने वाले क्रैश एटेन्यूएटर्स लगाना, पूरे गलियारे में ऑडिबिल शोल्डर की मार्किंग, रोड शोल्डर्स से सभी साइनपोस्ट को हटाना, मानक निर्देशों के अनुसार शोल्डर गार्ड रेल को फिर से स्थापित करना और डिवाइडर को फ्लश मीडियन और केंद्रीय गार्ड रेल के साथ बदलना जैसे उपाय शामिल हैं।

इमरजेंसी में मिलेगी मदद

इसके अलावा रिपोर्ट में ये भी बताया गया है कि एक्सप्रेसवे पर 3 क्यूआरटी वाहन, 11 पेट्रोलिंग वाहन, 6 एंबुलेस, 5 अग्निशमन की गाडियों के साथ 9 क्रेन एवं 2 जेसीबी की तैनाती रहेगी। एक्सप्रेस वे पर आने वाले वाहन चालकों की सुविधा के लिए यमुना साथी ऐप और टोल फ्री नम्बर (18001027777) की सुविधा शुरू हो गई है। किसी भी इमरजेंसी की स्थिति में इनकी सहायता से तुरंत सहायता ली जा सकती है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!