Noida Airport से कब शुरू होंगी फ्लाइट्स? अभी कितना करना होगा और इंतजार, नोट कर लें तारीख

टर्मिनल बिल्डिंग के अधूरे निर्माण के कारण नोएडा एयरपोर्ट से अप्रैल से कमर्शियल फ्लाइट शुरू होने की कम संभावना जताई जा रही है। टर्मिनल का काम तेज गति से चल रहा है। वहीं कमर्शियल फ्लाइट सेवा शुरू करने के लिए नागर विमानन महानिदेशालय से 15 मई तक एयरोड्रम लाइसेंस मिलने के आसार हैं।

Noida International Airport: नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से अप्रैल में व्यावसायिक उड़ानें शुरू होने की संभावना कम है। इसकी वजह टर्मिनल बिल्डिंग का अधूरा निर्माण बताया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 10 मार्च को समीक्षा के दौरान हवाई अड्डे के निर्माण कार्य में हो रही देरी पर नाराजगी जताई थी। साथ ही उन्होंने निर्माण कार्य में तेजी लाने और सभी विभागों के अधिकारियों की समीक्षा करने की जिम्मेदारी तय की थी। इस महीने के अंत तक हवाई अड्डे के निर्माण कार्य की समीक्षा करने के लिए राज्य के मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह आ सकते हैं। ऐसे में हवाई अड्डे के निर्माण कार्य को तेजी से अंतिम रूप दिया जा रहा है।

Noida International Airport

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (फाइल फोटो)

15 मई तक एयरोड्रम लाइसेंस मिलने की संभावना

अब 15 मई तक नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) से व्यावसायिक उड़ान सेवाएं शुरू करने के लिए एयरोड्रम लाइसेंस मिलने की संभावना है।टर्मिनल का काम तेजी से चल रहा है, इसलिए शुरुआत में यात्रियों को विमान तक ले जाने के लिए छह एयरोब्रिज लगाए जाएंगे। यमुना विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ. अरुणवीर सिंह ने बताया कि एयरोब्रिज हवाई अड्डे पर एक ऐसा पुल है जो यात्रियों को सीधे टर्मिनल बिल्डिंग से विमान के दरवाजे तक ले जाता है। यह एक सुरंग जैसा रास्ता है, जिसके जरिये यात्री आसानी से विमान तक पहुंच सकते हैं। विमान से उतरते समय टर्मिनल में प्रवेश करने के लिए भी एयरोब्रिज का इस्तेमाल किया जाता है। फिलहाल टर्मिनल के प्रवेश द्वार का काम चल रहा है।

End of Feed