ग्रेटर नोएडा

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को लेकर तैयारियां तेज, प्रशासन ने की आपातकालीन योजनाओं पर अहम बैठक

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर आपातकालीन स्थितियों से निपटने की तैयारियां तेज हो गई हैं। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई मीटिंग में एयरपोर्ट संचालन से जुड़े कई महत्वपूर्ण अधिकारी शामिल हुए। जिसमें स्थानीय अस्पतालों और एंबुलेंस के इस्तेमाल से लेकर रासायनिक और न्यूक्लियर इमरजेंसी की स्थिति में प्रबंधन रणनीतियों पर चर्चा हुई। एयरपोर्ट पर घरेलू उड़ानों को शुरू करने से पहले तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी।

Image

नोएडा एयरपोर्ट की आपातकालीन तैयारियां हुईं तेज

Photo : Twitter

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट जल्द ही अपनी सेवाएं शुरू करने जा रहा है। इसको लेकर प्रशासन की तरफ से तैयारियों में तेजी देखी जा रही है। हाल ही में जेवर के जिलाधिकारी ने इमरजेंसी प्लानिंग कमेटी की पहली बैठक की। जिसमें कई महत्वपूर्ण अधिकारी शामिल हुए। मीटिंग में अग्निशमन और अस्पताल जैसी मूल तैयारियों की रणनीतियों के साथ रासायनिक, जैविक, रेडियोलॉजिकल और न्यूक्लियर इमरजेंसी की स्थिति से निपटने की रणनीतियों पर चर्चा हुई।

ये लोग रहे शामिल

जेवर के जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में एयरपोर्ट इमरजेंसी प्लानिंग कमेटी की पहली बैठक में एयरपोर्ट संचालन से जुड़े कई महत्वपूर्ण अधिकारी शामिल हुए। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड के CEO क्रिस्टोफ श्रेलमैन और COO किरण जैन मीटिंग में उपस्थित रहे। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार और उप जिलाधिकारी अभय कुमार सिंह भी बैठक में शामिल हुए। इन लोगों के अलावा बैठक में विभिन्न एजेंसियों जैसे APHO, DDMA, NDRF, अग्निशमन विभाग, पुलिस विभाग और CISF के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

इमरजेंसी सुविधाओं पर जोर

जिलाधिकारी ने एयरपोर्ट की आपातकालीन तैयारियों की समीक्षा की। साथ ही इसके लिए स्थानीय अस्पतालों और एंबुलेंस सेवाओं के साथ कॉर्डिनेशन पर जोर दिया। आपातकालीन योजना में अग्निशमन और बचाव कार्यों के लिए विशेष रणनीतियां तैयार की गई हैं। इसके अलावा पुलिस विभाग से सुरक्षा प्रतिक्रियाओं पर चर्चा की गई। एयरपोर्ट पर सुरक्षा के लिए नागरिक सुरक्षा बलों और स्वयंसेवी संगठनों को योजना में शामिल करने का निर्णय लिया गया है। इसी के साथ खतरनाक घटनाओं से निपटने के लिए CBRN (रासायनिक, जैविक, रेडियोलॉजिकल और न्यूक्लियर) आपातकालीन प्रबंधन रणनीतियां भी तैयार की जा रही हैं।

इसी महीने शुरू होगा एयरपोर्ट

जिलाधिकारी ने तैयारियों के विषय में कहा कि एयरपोर्ट के परिचालन से पहले सभी आपातकालीन तैयारियां पूरी की जाएंगी। ये कदम नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को सुरक्षित बनाने में मदद करेंगे। जानकारी के लिए बता दें कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से घरेलू उड़ानों की शुरुआत 17 अप्रैल 2025 से होने की संभावना है।

संबंधित अधिकारी लगातार निरीक्षण कर रहे हैं और सभी पहलुओं की समीक्षा की जा रही है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article