नोएडा प्राधिकरण का बड़ा प्लान, ऐसे समस्याओं का करेगा समाधान; जानें कैसे?

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण अब उद्योगपतियों की समस्याओं को सुनने और उनके समाधान के लिए प्राधिकरण नियमित रूप से बैठक करेगा। एसीईओ सौम्य श्रीवास्तव ने स्पष्ट किया कि उद्यमियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा।

ग्रेटर नोएडा : औद्योगिक क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने और अन्य बुनियादी समस्याओं के समाधान के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने विशेष पहल की है। प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर अब उद्योगपतियों की समस्याओं को सुनने और उनके समाधान के लिए प्राधिकरण नियमित रूप से बैठक करेगा। इसी क्रम में पहली बैठक सोमवार को प्राधिकरण के एसीईओ सौम्य श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इस बैठक में ओएसडी नवीन कुमार सिंह और इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए), ग्रेटर नोएडा के सदस्य भी मौजूद रहे। बैठक के दौरान उद्यमियों ने औद्योगिक सेक्टरों में सफाई व्यवस्था की बदहाली की शिकायत की और इसे सुधारने की मांग रखी।

Greater Noida Authority

ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी (फाइल फोटो)

एसीईओ सौम्य श्रीवास्तव ने स्वास्थ्य विभाग को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही, वरिष्ठ प्रबंधक सन्नी यादव को औद्योगिक सेक्टरों का भ्रमण कर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया। बैठक में उद्यमियों ने सूरजपुर-कासना रोड की मरम्मत की भी मांग की, जो काफी समय से जर्जर हालत में है।

End of Feed