ग्रेटर नोएडा

बिना हेलमेट बाइक-स्कूटर चलाया तो फैक्टरी में नहीं मिलेगी एंट्री, कटेगी एक दिन की सैलरी

अगर आप नोएडा-ग्रेटर नोएडा की फैक्टरी या कंपनियों में काम करते हैं और दोपहिया वाहन से आते-जाते हैं तो यह खबर आपके लिए ही है। अगर आपको हेलमेट पहनने की आदत नहीं है तो तुरंत डाल लें, क्योंकि अब बिना हेलमेट के एंट्री नहीं मिलेगी और एक दिन की सैलरी भी कट जाएगी।

Image

हेल्मेट के बिना फैक्टरी में एंट्री नहीं

Photo : iStock

सड़क हादसों के कारण देश में हर साल हजारों लोगों की जान चली जाती है। ज्यादार सड़क दुर्घटनाएं किसी न किसी की लापरवाही से होती हैं। कई बार किसी अन्य की गलती के चलते सड़क दुर्घटना में लोगों मारे जाते हैं तो कई बार दुर्घटना के लिए वह स्वयं जिम्मेदार होते हैं। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए समाजिक तौर पर हमें पहल करनी होगी। ऐसा ही कुछ किया गया है दिल्ली से सटे एनसीआर के प्रमुख शहर ग्रेटर नोएडा में। यहां पर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए नोएडा एंटरप्रेन्योर्स संगठन (NEA) ने एक अहम कदम उठाया है।

बिना हेलमेट आने पर काम नहीं

NEA ने गौतमबुद्ध नगर जिले में कारोबारियों को चिट्ठी लिखी है। इस चिट्ठी में उनसे कहा गया है कि यदि कोई कर्मचारी या श्रमिक स्कूटर-मोटरसाइकिल यानी दो-पहिया वाहन पर बिना हेलमेट लगाए आता है तो उसे फैक्टरी में एंट्री न दिया जाए।

एक दिन की सैलरी भी कटेगी

यही नहीं NEA ने कारोबारियों को लिखी चिट्ठी में कहा है कि बिना हेलमेट पहने दो पहिया वाहन पर आने वाले कर्मचारियों और श्रमिकों की एक दिन की सैलरी भी काट ली जाए। यानी बिना हेलमेट के सड़क पर भले ही चालान कटे या न कटे, फैक्टरी में सैलरी कटना तय है।

ज्ञात हो कि नोएडा में लगभग 5000 रजिस्टर्ड MSME इंडस्ट्री हैं, जिनमें 14 लाख से ज्यादा श्रमिक काम करते हैं। बड़ी बात यह है कि इनमें से 3600 कंपनियां NEA की सदस्य हैं। यानी अगर NEA की चिट्ठी पर गंभीरता से अमल किया गया तो जिले में बिना हेलमेट दोहपिया वाहनों की संख्या में बड़ी कमी देखने को मिल सकती है।

गार्ड्स को मिली बड़ी जिम्मेदारी

दोपहिया वाहन पर आने वाले श्रमिक और कर्मचारी हेलमट पहनकर ही आएं, इसकी जिम्मेदारी फैक्टरी के गार्ड की होगी। गार्ड्स को जांच करनी होगी कि श्रमिक हेल्मेट पहनकर ही दोपहिया वाहन की सवारी करें। NEA के अध्यक्ष विपिन मल्हन के अनुसार लोगों की सुरक्षा के लिए यह कदम उठाया गया है, ताकि वह सड़कों पर सुरक्षित चल सकें और सुरक्षित घर पहुंच सकें।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article