ग्रेटर नोएडा

ग्रेटर नोएडा में दूषित पानी पीने से बीमार पड़े 40 लोग, उल्टी और पेट दर्द से परेशान, पानी के सैंपल की हो रही जांच

ग्रेटर नोएडा में दूषित पानी का सेवन करने से 40 लोग बीमार पड़ गए हैं। इतनी बड़ी संख्या में लोगों के बीमार पड़ने की सूचना मिलते ही प्राधिकरण की टीम मौके पर पहुंची और पानी के सैंपल जांच के लिए भेजे गए। सोसाइटी के लोगों ने भी अपने स्तर पर पानी का सैंपल जांच के लिए भेजा है।

Image

ग्रेटर नोएडा में दूषित पानी पीने से बीमार पड़े 40 लोग

Photo : iStock

Greater Noida: ग्रेटर नोएडा वेस्ट में स्थित गौर सौंदर्यम सोसाइटी से बीते कुछ दिनों से लोगों के बीमार पड़ने की खबर सामने आ रही है। यहां लोग सोसाइटी के व्हाट्सएप ग्रुप में परिजनों के बीमार पड़ने, उल्टी, पेट दर्द और दस्त की शिकायत कर रहे हैं। लेकिन पिछले तीन दिनों से यह समस्या ज्यादा बढ़ गई है। बताया जा रहा है कि अभी तक सोसाइटी में रेहने वाले 40 लोग बीमार हो गए हैं। दूषित पानी के सेवन करने से इन लोगों के बीमार होने की आशंका जताई जा रही है। ऐसे में पानी के सैंपल को जांच के लिए भेजा गया है।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की टीम ने किया निरीक्षण

सोसाइटी में रहने वाले लोगों के बीमार पड़ने की खबर मिलते ही प्राधिकरण की टीम ने सोसाइटी का निरीक्षण किया और जांच के लिए पानी का सैंपल भी लिया। साथ ही सोसाइटी ने भी अपने स्तर पर पानी के सैंपल जांच के लिए भेजे हैं। प्राधिकरण की टीम द्वारा भेजे गए पानी की सैंपल की जांच में सब कुछ सामान्य मिला। लेकिन फिर भी इतनी भारी संख्या में बीमार पड़े लोगों को देखते हुए पानी का सैंपल एक बार फिर जांच के लिए भेजा गया है, जिसकी रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

पानी टंकी के सफाई का काम शुरू

40 लोगों के बीमार पड़ने के बाद पानी की सभी टंकी की सफाई का कार्य किया जा रहा है। साथ ही अंडरग्राउंड वॉटर टैंक को हाल ही में साफ किया गया है। ओवरहेड टैंकर की सफाई चल रही है। बताया जा रहा है कि यह भी जल्द से जल्द पूरी हो जाएगी।

गंदे पानी की आपूर्ति को लेकर की थी शिकायत

सोसाइटी के लोगों ने बताया कि करीब एक महीने पहले सोसाइटी में गंदे पानी की आपूर्ति की गई थी। नल से आते गंदे पानी को देख सोसाइटी के लोगों ने इसकी शिकायत अपार्टमेंट ओनर एसोसिएशन से भी की थी। उसके बाद से लगातार लोग यहां बीमार पड़ रहे हैं। सोसाइटी के करीब 40 लोग बीमार हो चुके हैं।

एक और सोसाइटी में पानी की गुणवत्ता मिली खराब

जानकारी के अनुसार, ग्रेटर नोएडा में स्थित अजनारा होम्स सोसाइटी में रहने वाले एक निवासी ने अपने स्तर पर पानी के सैंपल को जांच के लिए भेजा था। इसकी रिपोर्ट में पानी की गुणवत्ता खराब मिली। रिपोर्ट के अनुसार, पानी में कोली ग्रोन की मात्रा अधिक पाई गई, जिससे लोगों के बीमार पड़ने की संभावना बढ़ जाती है। निवासी ने सोसाइटी की मेंटेनेंस मैनेजमेंट पर पानी की गुणवत्ता को लेकर लापरवाही का आरोप लगाया।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article