UPITS 2025 Youth Conclave: UPITS-2025 के अंतर्गत आयोजित सीएम युवा कॉनक्लेव के दूसरे दिन युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। हजारों छात्र-छात्राएं विभिन्न स्टॉल्स पर पहुंचे और नए व्यापार विचारों व नवाचारों से जुड़ी जानकारी प्राप्त की। फिरोजाबाद, गाजियाबाद, मेरठ, आगरा, गौतमबुद्ध नगर, मैनपुरी और मथुरा सहित एनसीआर के लगभग 1500 युवाओं ने इस प्रदर्शनी का भ्रमण किया। युवाओं ने 2000 से अधिक बिजनेस से जुड़ी पूछताछ की। ओसियान इंटरप्राइजेज के कॉरपोरेट गिफ्टिंग स्टॉल पर 125 से अधिक छात्रों ने गहरी रुचि दिखाई। इसके अलावा क्यूटीएम, ग्रिप इंटरनेशनल, प्रॉस्पर ग्रुप और कोशिश सस्टेनेबल सॉल्यूशंस जैसे मशीनरी आपूर्तिकर्ता स्टॉल्स पर भी भारी भीड़ उमड़ी रही।
स्टार्टअप और फूड ब्रांड्स बने आकर्षण का केंद्र
कॉनक्लेव के दौरान 20 से अधिक बी2बी मीटिंग्स का आयोजन हुआ। इस दौरान डॉ. गैराज, मिस्टर सैंडविच, धोबीलाइट, अर्द्धसैनिक कैंटीन और अमूल इंडिया जैसे स्टार्टअप्स व ब्रांड्स ने छात्रों के समक्ष अपने व्यापार मॉडल प्रस्तुत किए। विशेषज्ञों ने उद्यमिता और स्टार्टअप की शुरुआत से जुड़ी बारीक जानकारियां साझा कीं, जिससे युवाओं को काफी मार्गदर्शन मिला।
सरकार की पहल से युवाओं में दिखा आत्मविश्वास
कार्यक्रम ने यह साबित कर दिया कि योगी सरकार की योजनाएं और UPITS-2025 जैसा मंच न केवल निवेशकों के लिए लाभकारी है, बल्कि युवाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता की दिशा में नए अवसर भी दे रहा है। यह आयोजन उत्तर प्रदेश में स्टार्टअप संस्कृति के विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक ठोस कदम के रूप में सामने आया है।
