Greater Noida Traffic Advisory: शुक्रवार, 6 सितंबर 2024 को उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ग्रेटर नोएडा आएंगी। राज्यपाल आनंदीबेन शारदा यूनिवर्सिटी में आयोजित होने वाला आंगनबाड़ी कर्मियों के एक कार्यक्रम में शामिल होंगी। इसके चलते ग्रेटर नोएडा में यातायात व्यवस्था प्रभावित रहेगी। बताया जा रहा है कि राज्यपाल आज दोपहर में ग्रेटर नोएडा पहुंचेंगी। राज्यपाल के आगमन को लेकर ग्रेटर नोएडा ट्रैफिक पुलिस द्वारा कई रास्तों को प्रतिबंधित किया गया है, तो वहीं कई स्थानों पर डायवर्जन बनाया गया है। अगर आप भी ग्रेटर नोएडा में रहते हैं या फिर किसी काम से यहां जा रहे हैं तो घर से निकलने से पहले ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी एडवाइजरी जरूर चेक करें।
इन रास्तों पर वाहन की नो एंट्री
ट्रैफिक पुलिस ने राज्यपाल के आगमन को देखते हुए उनके रास्ते में पड़ने वाले कई स्थानों पर वाहनों के प्रवेश को प्रतिबंधित किया है। एडवाइजरी के अनुसार, गौतम बुद्ध यूनिवर्सिटी से चुहड़पुर, आईएफएस विला, एक्सपोमार्ट गोल चक्कर, नासा गोल चक्कर से शारदा यूनिवर्सिटी ग्रेटर नोएडा तक वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इन रास्तों का प्रयोग करने वाले यात्री आज डायवर्सन रूट का प्रयोग करते अपने गंतव्य की ओर आगे जा सकते हैं।
यहां देखें डायवर्जन प्लान
ट्रैफिक पुलिस द्वारा नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से परी चौक, जीरो प्वाइंट, हिंडन कट, सेक्टर 152, 132, 128, 126 और 125 कट, चरखा गोल चक्कर, महामाया फ्लाईओवर, गंदा नाला तिराहा, दलिस प्रेरणा स्थल यूटर्न, जीआईपी से दलित प्रेरणा स्थल की ओर उतरने वाला लूप, रजनीगंधा से डीएनडी की ओर जाने वाले मार्ग पर डायवर्जन किया जाएगा। ताकि यातायात व्यवस्था बाधित न हो और लोगों को किसी प्रकार की दिक्कत का सामना न करना पड़े।
हेल्पलाइन नंबर पर करें संपर्क
ट्रैफिक जाम या संबंधित अन्य परेशानी के दौरान यात्री हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर सकते हैं और रूट प्लान आदि के बारे में पूरी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर 9971009001 है। डीसीपी ट्रैफिक यमुना प्रसाद ने जानकारी दी की इस दौरान आपातकालीन स्थिति में वाहनों को उनके गंतव्य पर पहुंचाया जाएगा।
