ग्रेटर नोएडा

Greater Noida News: शाहबेरी में तोड़े गए दुकानों के आगे बने अवैध रैंप, चौड़ीकरण के आ रहे थे आड़े

शाहबेरी मार्ग के चौड़ीकरण में बाधा बन रहे दुकानों के सामने बने अवैध रैंप तोड़ दिए गए। इससे सड़क की चौड़ाई बढ़ गई है। चौड़ीकरण का आधा से अधिक काम पूरा हो चुका है। इसके अलावा जाम की समस्या से निपटने के लिए प्रमुख स्थानों पर यूटर्न भी बनाए जा रहे हैं। भविष्य में एयरपोर्ट शुरू हो जाने पर जो सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ेगा, उसमें भी ये मददगार साबित होंगे।

Image

शाहबेरी मार्ग के चौड़ीकरण के लिए तोड़े गए अवैध रैंप (सांकेतिक तस्वीर)

Greater Noida News: शाहबेरी में ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए सड़क चौड़ीकरण का कार्य तेजी से चल रहा है। इसी दरमियान दुकानों के सामने बने अवैध रैंप तोड़ दिए गए, इससे सड़क की चौड़ाई डेढ़ से दो मीटर और बढ़ गई। ग्रेटर नोएडा वेस्ट के इटेड़ा गोलचक्कर से शुरू होने वाली इस सड़क की लंबाई लगभग डेढ़ किलोमीटर है। रैंप टूट जाने से अब यहां नाला भी बनाया जा सकेगा। सड़क के चौड़ीकरण का आधा से अधिक काम पूरा हो चुका है।

चौड़ीकरण में बन रहे थे बाधा

शाहबेरी रोड की चौड़ाई बढ़ाने के लिए बुधवार को दुकानों के सामने बने अवैध रैंप तोड़ दिए गए है। नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद के बीच सफर करने वाले लोग बड़ी संख्या में रोजाना यहां से गुजरते हैं। रोड के संकरा होने के कारण यहां लगातार ट्रैफिक जाम की समस्या बनी रहती है। इस परेशानी से निपटने के लिए इस डेढ़ किलोमीटर लंबी सड़क को चौड़ा किया जा रहा है। चौड़ीकरण की परियोजना पर चार करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।

आधे से अधिक काम हो चुका है पूरा

25 मार्च से शुरू हुए इस काम का 50 फीसदी से अधिक काम पूरा किया जा चुका है। प्राधिकरण के अधिकारियों के मुताबिक दोनों तरफ डेढ़-डेढ़ मीटर सड़क चौड़ी की जा रही है, जिसमें दुकानों के रैंप बाधा पैदा कर रहे थे। इस रास्ते का ट्रैफिक दबाव देखते हुए प्राधिकरण के परियोजना विभाग के अधिकारियों ने पुलिस की मौजूदगी में दुकानों के सामने बने रैंप तोड़ दिए। रैंप के टूटने से लगभग 500 मीटर की दूरी में सड़क की चौड़ाई डेढ़ से दो मीटर और बढ़ जाएगी। इसके साथ ही जल निकासी के लिए ड्रेन का निर्माण भी किया जा सकेगा।

बनाए जा रहे हैं यू टर्न

ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट में जाम को बढ़ती समस्या से निजात पाने के लिए अधिक दबाव वाली सड़कों के चौड़ीकरण के साथ प्रमुख स्थानों पर यूटर्न भी बनाए जा रहे हैं। चारमूर्ति से इटेड़ा गोल चक्कर के बीच ही दो यूटर्न का निर्माण किया गया है। इससे ग्रेटर नोए‌डा वेस्ट वेस्ट में जाम की समस्या से कुछ हद तक राहत मिली है। ग्रेटर नोएडा इलाके में सूरजपुर कासना मार्ग पर दो स्थानों पर यूटर्न का निर्माण किया गया है। इसी के साथ कई जगहों पर यूटर्न बनाने के लिए सर्वे किया जा रहा है। एयरपोर्ट के बनने से जो सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ेगा, उसमें ये विकास परियोजनाएं काफी मददगार साबित होंगी।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!