दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बरसात का दौर जारी है। कल यानी शुक्रवार 6 सितंबर से ही रह-रह कर बारिश हो रही है। बारिश के कार लोगों को ट्रैफिक जाम और अन्य समस्याएं तो हो रही रही हैं। इसी के साथ ग्रेटर नोएडा के दादरी क्षेत्र में एक मकान गिरने की खबर भी है। इस हादसे में परिवार के 7 लोग दब गए।
दादरा के जारचा कोतवाली क्षेत्र में हुए इस हादसे की खबर लगते ही आसपास के लोग तुरंत वहां पहुंच गए और कड़ी मशक्कत के बाद लोगों को मलबे से बाहर निकाला। मलबे में दबे चार लोगों को गंभीर चोटें भी आयी हैं। हादसे में सभी घायलों को दादरी स्थित सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यहां छौलस गांव में सैफ अली अपने परिवार के साथ रहता है। वह मेहनत-मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। शनिवार तड़के लगातार बारिश के चलते सैफ अली का मकान गिर गया। इस हादसे में सैफ अली के परिवार के सात लोग मलबे में दब गए।
मलबे में सैफ अली के साथ, उसकी पत्नी, बुआ शकीला और सैफ अली का चार साल का बेटा भी शामिल है। आस-पड़ोस के लोगों ने मलबे से चार लोगों को बाहर निकाल लिया। इन लोगों को गंभीर चोटें आई हैं और सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
